देहरादून। 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने कलेक्ट्रेट परिसर में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान समानता, न्याय और स्वतंत्रता जैसे मूल्यों की आधारशिला है और राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। सरकारी अधिकारी और कर्मचारी लोकतंत्र के अहम स्तंभ हैं, जिनका दायित्व है कि वे लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप कार्य करते हुए राज्य व देश की प्रगति में योगदान दें।
जिलाधिकारी ने कहा कि एक लोक सेवक के रूप में अधिकारियों का लक्ष्य केवल आर्थिक और सामाजिक विकास ही नहीं, बल्कि नैतिक मूल्यों के संरक्षण के साथ समग्र विकास सुनिश्चित करना होना चाहिए। भारत की विविध भाषा, संस्कृति और परंपराएं इसे अन्य देशों से अलग पहचान देती हैं। उन्होंने संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर निष्ठा और ईमानदारी से कर्तव्यों के निर्वहन का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रशासनिक पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना से ही संभव है। साथ ही जिले के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य के लिए श्रीमती रजनी नेगी, श्रीमती शशि उनियाल, श्रीमती निर्मला पंत, श्रीमती हेमा बिष्ट, श्रीमती सरिता डबराल, कैलाश पाण्डेय, हरी शंकर, सर्वेन्द्र सिंह नेगी, अजय रावत, श्रीमती किरन रानी, विपुल बहुगुणा, आशीष जोशी, अनुज कुमार, सुश्री निधि टम्टा, दिनेश वर्मा, अमित भट्ट, गौरव रावत, श्रीमती शमीम अंजुम जैदी, श्रीमती जगदम्बा रतूड़ी, श्री जोगेन्द्र सिंह, श्री योगेश सुन्दरियाल, आत्मा राम शर्मा, मयंक जोशी, मनोज कुकरेती, दीवान सिंह शर्मा, बाबर खान सहित सूचना विभाग एवं प्रान्तीय रक्षक दल के कर्मियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी मुख्यालय अपूर्वा सिंह, उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी, सहायक निदेशक/जिला सूचना अधिकारी बी.सी. नेगी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी राजेश कपिल, प्रशासनिक अधिकारी हरीश पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

