देहरादून। उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण में 27 अक्टूबर से दो दिवसीय विधानसभा सत्र शुरू होने जा रहा है। सत्र के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण सहित सरकार के मंत्री और विधायक सोमवार को गैरसैंण पहुंचेंगे। सत्र के दौरान सरकार सात हजार करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश करेगी। इसके साथ ही कई विधेयक और विभिन्न विभागों की वार्षिक प्रतिवेदन रिपोर्ट सदन के पटल पर रखी जाएंगी।
सत्र को लेकर सरकार और विपक्ष ने अपनी-अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सरकार ने विपक्ष के सवालों का तथ्यों के साथ जवाब देने की रणनीति बनाई है। वहीं, विपक्ष प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक सरकार को घेरने की तैयारी में है। प्रदेश कांग्रेस ने 27 अक्टूबर को विधानसभा घेराव का एलान किया है। इसके साथ ही कांग्रेस विधायक सदन में भी विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे।
430 से अधिक प्रश्न विधानसभा सचिवालय को मिले
विधानसभा सत्र के लिए विधायकों की ओर से अब तक 430 से अधिक प्रश्न विधानसभा सचिवालय को प्राप्त हुए हैं। हालांकि, सत्र के पहले दिन दिवंगत विधायकों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके चलते प्रश्नकाल नहीं होगा। भोजनावकाश के बाद सरकार अनुपूरक बजट सदन में पेश करेगी।
अधिकारियों ने संभाली व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी
सत्र के मद्देनजर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं में तैनात अधिकारी व कर्मचारी रविवार को ही गैरसैंण पहुंच गए और उन्होंने अपनी जिम्मेदारियां संभाल लीं। विधानसभा सचिव हेम पंत ने भराड़ीसैंण पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके साथ विधानसभा सचिवालय के कई अधिकारी भी गैरसैंण पहुंच चुके हैं।
सोमवार को मुख्यमंत्री, मंत्रियों, विधायकों और शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के गैरसैंण पहुंचने का सिलसिला जारी रहेगा। देर शाम तक सरकार के सभी सदस्यों के वहां पहुंचने की उम्मीद है।

.jpeg)
.jpeg)

