Saturday, March 7, 2026
Homeदेहरादूनगोरखा सैनिकों के शौर्य और बलिदान को नमन: सीएम धामी बोले—भारत का...

गोरखा सैनिकों के शौर्य और बलिदान को नमन: सीएम धामी बोले—भारत का हर नागरिक गोरखाओं का आभारी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को ऑल इंडिया गोरखा एक्स-सर्विसमेन्स वेलफेयर एसोसिएशन (AIGESWA) की 75वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। स्व. हरबंश कपूर मेमोरियल सभागार, गढ़ी कैंट में आयोजित इस समारोह में उन्होंने बैरिस्टर अरि बहादुर गुरूंग की प्रतिमा का अनावरण और एसोसिएशन की स्मारिका का विमोचन किया।

मुख्यमंत्री ने बैरिस्टर अरि बहादुर गुरूंग को याद करते हुए कहा कि वे न केवल एक सांसद थे, बल्कि भारत के संविधान निर्माण में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सिर्फ एक संस्था का उत्सव नहीं, बल्कि गोरखा सैनिकों के अदम्य साहस, समर्पण, राष्ट्रभक्ति और गौरवशाली सैन्य परंपरा का उत्सव है। गोरखा सैनिकों के पराक्रम को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि विश्व का कोई भी युद्ध इतिहास गोरखाओं के उल्लेख के बिना अधूरा है। इसी योगदान के सम्मान में भारत सरकार ने एसोसिएशन को ‘ऑल इंडिया स्टेटस’ प्रदान किया है।

सीएम धामी ने कहा कि एसोसिएशन ने 75 वर्षों में पारदर्शिता, ईमानदारी और सेवा-भाव से अपनी जिम्मेदारियां निभाई हैं। देशभर में बसे लाखों गोरखा भूतपूर्व सैनिक, वीर नारियों और आश्रितों को संस्था के माध्यम से लगातार सहायता मिल रही है। उन्होंने बताया कि एग्वा वर्षों से पूरे भारत में निःशुल्क व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम चला रहा है, जिनमें अन्य समुदायों के युवा भी शामिल होते हैं।

मुख्यमंत्री ने गोरखाओं की वीरता का स्मरण करते हुए कहा कि ‘‘जिस मैदान में गोरखा टिक गए, वहां दुश्मन कभी टिक नहीं पाया।’’ उन्होंने कहा कि गोरखा जवानों के लिए खुखरी केवल एक हथियार नहीं, बल्कि मातृभूमि की रक्षा का संकल्प है। अमर वीर मेजर दुर्गा मल्ल, परमवीर चक्र विजेता धन सिंह थापा और अशोक चक्र विजेता नर बहादुर थापा जैसे गोरखा वीरों का बलिदान सदैव प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि गोरखा समाज केवल सीमाओं की सुरक्षा में ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। उनकी मेहनत, अनुशासन और निष्ठा हर क्षेत्र में दिखाई देती है। उन्होंने आश्वस्त किया कि राज्य सरकार गोरखा समाज के वीरत्व और योगदान को सदैव सम्मान की दृष्टि से देखती है।

इस अवसर पर सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने भी कहा कि गोरखा रेजिमेंट के बहादुर जवानों ने हर युद्ध में अपने पराक्रम का लोहा मनवाया है। उन्होंने गोरखा समाज के राज्य एवं देश के विकास में योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम में विधायक श्रीमती सविता कपूर, सचिव केंद्रीय सैनिक कल्याण बोर्ड ब्रिगेडियर डीएस बसेड़ा, एसोसिएशन के अध्यक्ष कर्नल आरएस क्षेत्री, गोर्खाली सुधार सभा के अध्यक्ष पद्म सिंह थापा सहित कई पूर्व सैन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments