Sunday, March 8, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डजिस शराब कांड में हुई थी 12 मौत, प्रधान पद पर जीती...

जिस शराब कांड में हुई थी 12 मौत, प्रधान पद पर जीती उसी मामले की आरोपित

हरिद्वार: पंचायत चुनाव के बीच पुलिस-प्रशासन और आबकारी विभाग को हिलाकर रख देने वाले पथरी शराबकांड की आरोपित बबली देवी ने एक वोट से चुनाव जीतकर रिकार्ड बना दिया।

फूलगढ़ और शिवगढ़ में 12 ग्रामीणों की मौत के मामले में पुलिस बबली के पति बिजेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जबकि, बिजेंद्र की पत्नी बबली और भाई नरेश मुकदमे में नामजद होने के बावजूद पकड़ से दूर हैं। अब बबली के प्रधान बनने पर स्वजन और समर्थकों का आरोप है कि पुलिस ने बिजेंद्र को झूठा फंसाया है। इसलिए उन्होंने पूरी मेहनत से बबली को चुनाव जिताया है। यह मामला पूरे जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है।

कच्ची शराब पीने से 12 ग्रामीणों की हो गई थी मौत
पंचायत चुनाव के प्रचार के दौरान पथरी क्षेत्र के फूलगढ़ और शिवगढ़ में कच्ची शराब पीने से 12 ग्रामीणों की मौत हो गई थी। पहले दिन प्रशासन शराब पीने से ग्रामीणों की मौत की बात से इन्कार करता रहा। लेकिन, अगले दिन मौत का आंकड़ा बढ़ने पर प्रशासन को बैकफुट पर आना पड़ा। वहीं, पुलिस ने प्रधान पद की प्रत्याशी बबली के पति बिजेंद्र को गिरफ्तार कर पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया।

एसएसपी ने पथरी थाने में प्रेस कान्फ्रेंस कर बताया था कि बिजेंद्र ने छह माह पहले अपने खेत में ही कच्ची शराब बनाई थी और कोल्ड ड्रिंक की बोतलों में भरकर बांटी गई शराब पीने से ही ग्रामीणों की मौत हुई। पुलिस ने निशानदेही के आधार पर जेसीबी से खेत की खोदाई कर कच्ची शराब भी बरामद की थी। बाद में यह मामला एसआइटी को सौंप दिया गया था।

पुलिस का दावा था कि जल्द ही बबली और नरेश को भी गिरफ्तार किया जाएगा। लेकिन, ग्रामीणों ने केवल बिजेंद्र की गिरफ्तारी का विरोध जताते हुए आरोप लगाया था कि इस कांड में अकेला बिजेंद्र दोषी नहीं है, बल्कि शराब तो आठ प्रत्याशियों ने बांटी थी।

ग्रामीणों ने प्रशासन की जांच में भी यही बयान दर्ज कराए। शायद यही वजह है कि पुलिस आगे कोई कार्रवाई नहीं कर सकी। बहरहाल, चुनाव नतीजे आने पर बबली की एक वोट से हुई जीत ने सबको चौंका दिया। बबली को 859 और प्रतिद्वंद्वी स्वाति को 858 वोट मिले हैं। जेल में बंद बिजेंद्र के परिवार और समर्थकों में खुशी का माहौल है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments