देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग से जेई और एई समेत विभिन्न भर्तियों के विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में बेरोजगार युवाओं ने सचिवालय कूच किया। उत्तराखंड बेरोजगार संघ के बैनर तले जुटे युवाओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को जल्द शुरू करने की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि लंबे समय से विभिन्न विभागों में भर्ती प्रक्रियाएं लंबित पड़ी हैं, जिससे बेरोजगार युवाओं में निराशा और असमंजस का माहौल है। उन्होंने मांग की कि जेई और एई सहित अन्य रिक्त पदों पर जल्द भर्ती विज्ञापन जारी किए जाएं तथा नियमित भर्ती कैलेंडर घोषित किया जाए, ताकि अभ्यर्थियों को स्पष्ट समय-सीमा मिल सके।
प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने केंद्र सरकार की शिक्षा नीतियों का विरोध करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की भी मांग की। बड़ी संख्या में युवाओं की मौजूदगी के चलते सचिवालय क्षेत्र में हलचल रही और पुलिस-प्रशासन सतर्क नजर आया।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

