देहरादून। टीवी डिबेट में समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद डिंपल यादव को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कड़ा विरोध दर्ज किया है। प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने इस बयान को “समूची मातृ शक्ति का अपमान” करार देते हुए आरोपी मौलाना से सार्वजनिक माफी की मांग की है।
भट्ट ने कहा कि टीवी चैनलों पर प्रसारित एक डिबेट में ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के अध्यक्ष मौलाना साजिद रशीदी संसद परिसर स्थित मस्जिद में बैठक के दौरान डिंपल यादव की वेशभूषा को लेकर अश्लील टिप्पणी करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा, “एक महिला सांसद के लिए जिस तरह के शब्दों का इस्तेमाल किया गया, वह अत्यंत निंदनीय, अपमानजनक और असहनीय है।”
उन्होंने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनके पति होने के नाते इस पर चुप्पी साधे रखना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि मुस्लिम वोटों के लालच में अखिलेश यादव मौलाना की इस हरकत को नजरअंदाज कर रहे हैं, लेकिन उत्तराखंड की जनता इसे कतई सहन नहीं करेगी।
भट्ट ने जोर देते हुए कहा, “इस तरह की टिप्पणी न सिर्फ एक सांसद बल्कि आम महिलाओं के लिए भी अपमानजनक है और यह गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। मौलाना को तत्काल सार्वजनिक रूप से देश की समस्त मातृशक्ति से माफी मांगनी चाहिए।”
भाजपा की ओर से यह भी मांग की गई है कि इस तरह की सोच और भाषा को राजनीतिक व सामाजिक मंचों पर बर्दाश्त न किया जाए और इस पर सख्त कार्रवाई हो।

