देहरादून। थानो क्षेत्र में मस्जिद सील किए जाने के मामले को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मुस्लिम सेवा संगठन ने कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी कार्यालय कूच का आह्वान किया। इसके तहत बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग एसटीएफ कार्यालय के बाहर एकत्र हुए। स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
मुस्लिम सेवा संगठन का आरोप है कि मस्जिद के सभी आवश्यक दस्तावेज होने के बावजूद प्रशासन द्वारा मस्जिद को सील किया गया। संगठन ने इस कार्रवाई को गलत बताते हुए विरोध दर्ज कराया।
बताया गया कि थानो क्षेत्र के ग्राम कण्डोगल, कुडियाल गांव स्थित जामा मस्जिद और मदरसे के भूतल को पुलिस-प्रशासन की मौजूदगी में एमडीडीए द्वारा सील किया गया था। इससे पहले मस्जिद के प्रथम तल को 17 दिसंबर को सील किया जा चुका था।
कार्रवाई के बाद काली सेना, बजरंग दल और स्थानीय लोगों ने थानो चौक पर हवन कर प्रशासनिक कार्रवाई का समर्थन किया। इन संगठनों का आरोप है कि मस्जिद उत्तराखंड वक्फ बोर्ड और मदरसा बोर्ड में पंजीकृत नहीं थी, जिसकी संबंधित विभागों द्वारा जांच भी की गई थी।
काली सेना के प्रदेश प्रमुख भूपेश जोशी ने मांग की है कि मस्जिद का जल्द ध्वस्तीकरण किया जाए। वहीं प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

