देहरादून स्थित दून विश्वविद्यालय में आज छठे दीक्षांत समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में उत्तराखंड के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह ने वर्ष 2024 के कुल 738 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान कीं।
राज्यपाल ने समारोह के दौरान 484 स्नातक, 241 स्नातकोत्तर एवं 13 पीएचडी विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान कीं। ये उपाधियां विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ़ डिजाइन, स्कूल ऑफ़ एनवायरनमेंट एंड नेचुरल रिसोर्सेज, स्कूल ऑफ़ लैंग्वेज, स्कूल ऑफ़ मैनेजमेंट, स्कूल ऑफ़ मीडिया एंड कम्युनिकेशन स्टडीज़, स्कूल ऑफ़ फिजिकल साइंसेज़, स्कूल ऑफ़ सोशल साइंस, स्कूल ऑफ़ बायोलॉजिकल साइंस, स्कूल ऑफ़ टेक्नोलॉजी तथा डॉ. नित्यानंद हिमालयी शोध एवं अध्ययन केंद्र में अध्ययनरत विद्यार्थियों को दी गईं।
दीक्षांत समारोह के दौरान अपने नागरिक कर्तव्य का साहसिक परिचय देने वाले विद्यार्थी अग्रांशु ग्रोवर को विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया। अग्रांशु ने राहगीर वरिष्ठ नागरिकों का बैग छीनकर भाग रहे लुटेरों का सामना कर उन्हें बचाया था, जिसके लिए विश्वविद्यालय ने उनके साहस और सामाजिक जिम्मेदारी की सराहना की।
समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में आईआईटी मुंबई के प्रोफेसर गणेश रामकृष्णन ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। प्रो. गणेश रामकृष्णन कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में देश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक माने जाते हैं और उन्हें कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय प्रशासन, शिक्षकगण, विद्यार्थी और उनके अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

