Sunday, March 8, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डदेहरादून आरटीओ दफ्तर में अपाइंटमेंट लेकर होगा काम, जानिए क्‍या है व्‍यवस्‍था

देहरादून आरटीओ दफ्तर में अपाइंटमेंट लेकर होगा काम, जानिए क्‍या है व्‍यवस्‍था

देहरादून। कोरोना संक्रमण के चलते जनता के लिए बंद किया गया आरटीओ दफ्तर मंगलवार यानी आज से सीमित कार्यों के साथ फिर खुलेगा। इस दौरान हर कार्य के लिए कार्यालय आने से पहले आनलाइन अपाइंटमेंट लेना अनिवार्य किया गया है। एक दिन में प्रत्येक कार्य के लिए संख्या निर्धारित कर दी गई है। प्रत्येक कार्य के 25 आवेदन स्वीकृत किए जाएंगे। आरटीओ सुनील शर्मा ने सोमवार को अपने कार्यालय में बैठक कर एसओपी तैयार की और मंगलवार से जनता के लिए काम शुरू करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही लर्निंग लाइसेंस के पुराने सभी स्लाट निरस्त करते हुए नए सिरे से अपाइंटमेंट लेकर टेस्ट लेने को कहा गया है। यह टेस्ट शुक्रवार से शुरू होंगे। लर्निंग लाइसेंस के पुराने आवेदन का बैकलाग खत्म होने तक नए आवेदन नहीं खोले जाएंगे। वहीं, सोमवार को दफ्तर तो खुला, लेकिन एसओपी न बनने के कारण आमजन के काम नहीं हुए। इस दौरान कईं लोग पहुंचे भी लेकिन बैरंग लौट गए। गेट पर अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश रोकने को पुलिस तैनात की गई है।

आरटीओ में कोई भी काम कराने के लिए एक दिन पहले आवेदन करना होगा। इसके लिए आरटीओ कार्यालय ने आनलाइन वेब लिंक जारी कर दिया है। आवेदक को लिंक पर अपने कार्य से संबंधित आवेदन को दर्ज करना होगा। एक दिन में हर कार्य के लिए पहले आओ-पहले पाओ की तर्ज पर सिर्फ 25 आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। आवेदन पंजीकृत होने के बाद आवेदक को काम के लिए तिथि कंप्यूटर द्वारा उपलब्ध हो जाएगी और उसी तिथि पर जाकर उसे कार्य कराना होगा। पहले दिन आवेदन के बाद व्यवस्था नियमित रूप से चलती रहेगी।

25 शिकायतों की होगी सुनवाई

एसओपी के तहत आरटीओ में अगर किसी को शिकायत करनी है तो उसे एक दिन पहले आनलाइन आवेदन करना होगा और एक दिन में 25 लोगों की शिकायत पर ही सुनवाई की जाएगी।

ये कार्य होंगे शुरू

परमानेंट ड्राइविंग लाइसेंस: जिनके लर्निंग लाइसेंस बने हुए हैं, उन्हें सारथी पोर्टल https://parivahan.gov.in/ पर जाकर स्लाट बुक कराना होगा। स्लाट बुक होने पर आवेदकों को तय तिथि पर आइडीटीआर झाझरा जाना होगा। वहां एक दिन में 75 आवेदकों का ड्राइिवंग टेस्ट लिया जाएगा।

लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस: जिन आवेदकों ने पूर्व में आवेदन किया हुआ है और उन्हें स्लाट मिले हुए थे, उन्हें दोबारा आरटीओ के अपाइटमेंट वेब लिंक पर आवेदन करना होगा। एक दिन में सिर्फ 25 आवेदकों के ही टेस्ट लिए जाएंगे। बैकलाग होने के कारण लर्निंग लाइसेंस के अभी नए आवेदन मंजूर नहीं होंगे।

ड्राइविंग लाइसेंस: पुराने लाइसेंस के नवीनीकरण, नाम-पता बदलाव, डुप्लीकेट लाइसेंस जारी करने का कार्य।

वाहन फिटनेस: वाहनों की फिटनेस का कार्य कार्यालय पर होगा।

नए वाहन पंजीकरण: यह पंजीकरण पहले से डीलर प्वाइंट पर किया जा रहा है और आगे भी इसी के तहत चलेगा।

परमिट: दून आरटीओ से जारी होने वाले परमिट से संबंधित सभी आवेदन।

प्रवर्तन: प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा किए गए चालान का निस्तारण।

टैक्स: पूर्व में पंजीकृत सभी वाहनों के टैक्स से जुड़े कार्य।

सूचना का अधिकार: आरटीआई के तहत आवेदनों का निस्तारण सीमित संख्या के तहत किया जाएगा।

अन्य: यदि परिवहन यूनियनों या संगठनों के जरिए अलग-अलग आवेदन किए जाते हैं तो शारीरिक दूरी के नियमों के तहत इन लोगों को आफिस आने की छूट दी गई है। इनमें वाहनों के सरेंडर करने के आवेदन भी शामिल होंगे। यह आवेदन आरटीओ और एआरटीओ के अनुमोदन के बाद ही मंजूर किए जाएंगे।

(नोट: परमानेंट ड्राइविंग लाइसेंस के टेस्ट को छोड़ उपरोक्त सभी कार्यों के लिए एक दिन में 25-25 आवेदन ही स्वीकार होंगे। एक दिन में 25 वाहनों की फिटनेस ही की जाएगी।)

इस लिंक पर करना होगा आवेदन

आवेदक को इस लिंक https://appointment.rtodoon.in/ पर आवेदन करना होगा। लिंक पर क्लिक करने के बाद उसमें आवेदक को अपना नाम, मोबाइल नंबर व पहचान पत्र संख्या दर्ज होनी होगी। फिर उसके मोबाइल पर वन टाइम पासवर्ड यानी ओटीपी आएगा। ओटीपी दर्ज करने के बाद आवेदक को अपने कार्य की तिथि की जानकारी मिलेगी। इसका प्रिंट निकाल उसे तय तिथि पर कार्यालय में प्रवेश मिलेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments