देहरादून। देहरादून जिले के कई पुलिस थानों और सरकारी प्रतिष्ठानों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि यह धमकी एक इंस्टाग्राम पोस्ट और ई-मेल के माध्यम से दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं।
जानकारी के अनुसार सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक इंस्टाग्राम पोस्ट में देहरादून और मसूरी के कई पुलिस थानों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। पोस्ट सामने आने के बाद मसूरी और देहरादून शहर कोतवाली सहित संबंधित थानों में तत्काल जांच शुरू कर दी गई। पुलिस साइबर सेल की मदद से इंस्टाग्राम आईडी की जांच कर रही है और पोस्ट करने वाले की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
इधर, मसूरी नगर पालिका परिषद और प्रशासन को भी ई-मेल के माध्यम से बम विस्फोट की धमकी मिली है। धमकी भरे ई-मेल में मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी के कार्यालय सहित देहरादून और दिल्ली के कई स्थानों पर बम धमाके करने की बात कही गई है।
ई-मेल में मसूरी नगर पालिका कार्यालय में दोपहर 3:11 बजे विस्फोट करने का उल्लेख किया गया है। इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सरकारी कार्यालयों, धार्मिक स्थलों, रेलवे स्टेशनों और अन्य सार्वजनिक स्थानों को भी निशाना बनाने की धमकी दी गई है।
बताया गया कि यह ई-मेल नगर पालिका परिषद और उपजिलाधिकारी (एसडीएम) मसूरी के आधिकारिक ई-मेल पते पर प्राप्त हुआ। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस विभाग सक्रिय हो गया। संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और निगरानी बढ़ा दी गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार धमकी भरे ई-मेल और सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता की जांच की जा रही है। साइबर विशेषज्ञों की मदद से संदेश भेजने वाले व्यक्ति की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।

