देहरादून: देहरादून के अठुरवाला निवासी आयुष्मान गुसांई भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बन गए हैं। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने आयुष्मान और उनके परिवार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
उत्तराखंड के युवाओं में भारतीय सेना में शामिल होने का हमेशा से विशेष उत्साह रहा है। आयुष्मान गुसांई ने भी इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सेना में अधिकारी बनकर क्षेत्र और राज्य का नाम रोशन किया है।
आयुष्मान ने अपनी 12वीं तक की पढ़ाई भानियावाला स्थित दून पब्लिक स्कूल से पूरी की। इसके बाद उन्होंने देहरादून के यूपीईएस से बीटेक कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई की। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने आर्मी की ऑफिसर टेक्निकल एंट्री (टीजीसी) के लिए आवेदन किया और पहले ही प्रयास में सफलता हासिल कर ली।
चयन के बाद उन्होंने छह महीने की ट्रेनिंग ओटीए चेन्नई और पांच महीने की ट्रेनिंग ओटीए गया में पूरी की। इसके बाद 7 मार्च 2026 को उन्हें भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्त किया गया।
आयुष्मान ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। उनके पिता संजय गुसांई दवाइयों के थोक व्यवसाय से जुड़े हैं, जबकि उनकी माता शीला गुसांई गृहिणी हैं।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख अश्विनी बहुगुणा, सभासद प्रदीप सिंह नेगी, किसान नेता सुरेंद्र सिंह खालसा, सभासद संदीप सिंह नेगी, सभासद ईश्वर रौथान, किसान नेता दरपान बोरा और गन्ना समिति के पूर्व अध्यक्ष मनोज नौटियाल समेत कई लोगों ने उन्हें बधाई दी।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि आयुष्मान की इस सफलता से क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी सेना में जाने की प्रेरणा मिलेगी।

