देहरादून: भारी बारिश और भूस्खलन के कारण देहरादून जिले में कई पुलों और मार्गों को नुकसान पहुँचा है, जिसके चलते ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने जनता से सहयोग की अपील की है और वैकल्पिक मार्गों पर संकेतक बोर्ड लगाए जा रहे हैं, ताकि लोगों को कम से कम असुविधा हो।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि मसूरी की ओर जाने वाले सभी मार्ग बुधवार को भी बंद रहेंगे, इसलिए यात्रियों को यात्रा स्थगित करने या अन्य स्थानों की योजना बनाने की सलाह दी गई है।
ये रहेंगे वैकल्पिक रूट और व्यवस्था:
- विकासनगर से देहरादून आने वाला ट्रैफिक अब धूलकोट तिराहा से डायवर्ट किया जाएगा, जो कि सिंघनीवाला तिराहा और नया गांव होते हुए शहर में प्रवेश करेगा।
- भाऊवाला, सुद्धोवाला और झाझरा से देहरादून आने वाले वाहन अब बालाजी धाम से होकर बडोवाला, फिर प्रेमनगर/आईएसबीटी होते हुए देहरादून शहर आएंगे। वापसी में भी यही रूट प्रयोग में लाया जाएगा।
- देहरादून से विकासनगर, सहसपुर, झाझरा और सेलाकुई जाने वाले वाहन रागड़वाला तिराहा से होकर बडोवाला, फिर सिंघनीवाला तिराहा और धूलकोट से आगे भेजे जाएंगे।
- हिमाचल, चंडीगढ़ और पांवटा साहिब की ओर जाने वाले वाहन अब सेंट ज्यूड चौक – बडोवाला – विकासनगर मार्ग से यात्रा करेंगे।
- सहारनपुर से देहरादून आने-जाने वाले यात्रियों के लिए सामान्य मार्ग खुला रहेगा।
- नेपाली फार्म से देहरादून/ऋषिकेश आने वाले यात्री भी सामान्य रूट से आ-जा सकते हैं।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे रास्तों में लगे बोर्डों और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें और जहां तक संभव हो, गैर-ज़रूरी यात्रा से बचें।

