देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को देहरादून पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरप्रीत सिंह (सेनि.) ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। पहले से तय कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री को एमआई-17 हेलीकॉप्टर से आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करना था, लेकिन मौसम खराब होने के कारण यह हवाई दौरा रद्द कर दिया गया है।
हवाई सर्वेक्षण रद्द, अब ज़मीन पर समीक्षा
मौसम की चुनौती के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी का आपदा प्रभावित इलाकों के हालात जानने का संकल्प अडिग रहा। हवाई दौरा रद्द होने के बाद उन्होंने एयरपोर्ट पर ही अधिकारियों के साथ बैठक शुरू की, जिसमें आपदा से जुड़े राहत और बचाव कार्यों की जानकारी ली जा रही है।
गेस्ट हाउस में कर रहे विस्तृत बैठक
इसके बाद प्रधानमंत्री स्टेट गेस्ट हाउस पहुंचे, जहां वह एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और आपदा मित्रों के साथ बैठक कर रहे हैं। इस बैठक में ग्राउंड लेवल पर राहत कार्यों में जुटे दलों से फीडबैक लिया जा रहा है और केंद्र की ओर से हरसंभव सहायता देने का भरोसा जताया जा रहा है।

