देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। थानों मार्ग पर एक जनवरी की तड़के अज्ञात बदमाशों ने प्रसिद्ध भजन गायक दीपक कुमार की कार पर हथियारों और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गायक की कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नाबालिगों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पीड़ित दीपक कुमार की तहरीर के अनुसार, घटना 31 दिसंबर की देर रात लगभग 3 बजे की है। वह टिहरी में एक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के बाद अपनी स्कोडा कार से थानों मार्ग होते हुए देहरादून लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ अज्ञात बदमाशों ने उनकी गाड़ी को घेर लिया और अचानक हमला कर दिया।
दीपक कुमार ने बताया कि हमलावरों के हाथों में घातक हथियार और लाठी-डंडे थे। बदमाशों ने उनकी कार की हेडलाइट, शीशे और बॉडी को निशाना बनाते हुए जमकर तोड़फोड़ की। इस हमले में वाहन को करीब 80 से 90 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
पीड़ित के अनुसार, बदमाशों ने उनकी कार का कई किलोमीटर तक पीछा भी किया। उन्होंने किसी तरह कार के दरवाजे नहीं खोले और सतर्कता बरतते हुए अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की और घेराबंदी कर तीन आरोपियों को पकड़ लिया।
एसएसपी देहरादून अजय सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए तीन आरोपियों में से दो नाबालिग हैं। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है और हमले के पीछे के कारणों की भी जांच की जा रही है।
पीड़ित दीपक कुमार का बयान
“मुझ पर जानलेवा हमला किया गया। बदमाशों ने मेरी गाड़ी पूरी तरह डैमेज कर दी और कई किलोमीटर तक पीछा किया। अपराधियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी और के साथ ऐसी घटना न हो।”

