देहरादून। भारत और नेपाल के गृह एवं विदेश मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच सीमा प्रबंधन और सुरक्षा को लेकर संयुक्त कार्य समूह की 14वीं बैठक आज देहरादून में आयोजित हो रही है। दो दिवसीय इस उच्चस्तरीय बैठक में दोनों देशों के बीच सीमा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जा रही है।
बैठक में सीमा पार अपराध, घुसपैठ और तस्करी जैसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के उपायों पर मंथन हो रहा है। इसके साथ ही भारत-नेपाल की खुली सीमा की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए आपसी समन्वय बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
वार्ता के दौरान ऐतिहासिक नक्शों और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर सीमा विवादों के समाधान के मुद्दे पर भी चर्चा की जा रही है। दोनों पक्ष सीमा से जुड़े मामलों को आपसी संवाद और सहयोग के जरिए सुलझाने के तरीकों पर विचार कर रहे हैं।
इसके अलावा लिपुलेख दर्रे के माध्यम से भारत-चीन व्यापार को लेकर नेपाल की चिंताओं और उसके रुख पर भी बातचीत होने की जानकारी है। बैठक में सीमा प्रबंधन और सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर दोनों देशों के अधिकारियों के बीच विचारों का आदान-प्रदान किया जा रहा है।

