राजधानी देहरादून में गर्मी ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। बुधवार को शहर के मोहकमपुर क्षेत्र में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पंतनगर में तापमान 40.5 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को देहरादून का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक पहुंचने की संभावना जताते हुए लू चलने की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और चमोली जिलों में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा। देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल और उत्तरकाशी के सीमावर्ती इलाकों में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। बताया गया कि वर्तमान तापमान सामान्य से लगभग पांच डिग्री अधिक चल रहा है।
सात दिन तक नहीं मिलेगी राहत
मौसम विभाग के सात दिवसीय पूर्वानुमान के मुताबिक देहरादून में आगामी एक सप्ताह तक गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। गुरुवार को तापमान 41 डिग्री, जबकि शुक्रवार और शनिवार को करीब 40 डिग्री रहने का अनुमान है। वहीं 24 और 25 मई को भी पारा 41 डिग्री तक पहुंच सकता है। 26 मई को भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।
हालांकि गुरुवार को छोड़कर बाकी दिनों के लिए फिलहाल कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन लगातार बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

