देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट, देहरादून से एयर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा देहरादून-बेंगलुरु के लिए शुरू की गई नई सीधी हवाई सेवा का विधिवत फ्लैग ऑफ कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने इसे उत्तराखंड के समग्र विकास और हवाई संपर्क के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
पहली बार एयर इंडिया एक्सप्रेस की सेवा देहरादून से
आज उत्तराखंड में इस नई पहल के साथ ही देश की पहली अंतरराष्ट्रीय वैल्यू कैरियर एयर इंडिया एक्सप्रेस ने देहरादून हवाई अड्डे से बेंगलुरु के लिए दैनिक सीधी उड़ान शुरू कर दी है। यह सेवा छात्रों, पेशेवरों, उद्यमियों, पर्यटकों और उत्तराखंड के हजारों प्रवासियों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “देहरादून से एयर इंडिया एक्सप्रेस की सेवाएं नागरिक उड्डयन क्षेत्र में राज्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि हैं। इससे बेंगलुरु के साथ बेहतर कनेक्टिविटी मिलने से पर्यटन, व्यापार और निवेश को नई गति मिलेगी।”
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के हजारों युवा बेंगलुरु जैसे टेक्नोलॉजी हब में शिक्षा, स्टार्टअप और सेवाओं में कार्यरत हैं, जिन्हें अब एक सुविधाजनक, समयबद्ध और सुरक्षित यात्रा विकल्प मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि राज्य सरकार द्वारा हवाई संपर्क को मजबूत करने के लिए पिछले वर्षों में कई नीतिगत निर्णयों और अधोसंरचना विकास के प्रयास किए गए हैं।
- पिथौरागढ़, चिन्यालीसौड़, गौचर, नैनीसैनी जैसे रीजनल एयरपोर्ट्स को सक्रिय किया जा रहा है।
- जौलीग्रांट एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस किया जा रहा है।
- पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार कार्य को भी तेज़ी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
सरकार का उद्देश्य उत्तराखंड को हवाई, रेल और सड़क मार्ग से बेहतर कनेक्टिविटी से जोड़ना है, जिससे राज्य में पर्यटन, निवेश, व्यापार और रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें।
एयर इंडिया एक्सप्रेस के प्रबंध निदेशक आलोक सिंह ने कहा: “देहरादून से परिचालन शुरू करना हमारे लिए गर्व की बात है। यह हमारा 58वां स्टेशन है और इस महीने अहमदाबाद व चंडीगढ़ के बाद तीसरा नया स्टॉप है। हम बेंगलुरु के लिए सीधी दैनिक उड़ानें शुरू कर रहे हैं, जिससे 18 अन्य शहरों से भी कनेक्टिविटी मिलेगी।”
उन्होंने बताया कि एयर इंडिया एक्सप्रेस का नेटवर्क तेजी से विस्तारित हो रहा है और इसके बेड़े में 115 से अधिक विमान शामिल हो चुके हैं।
देहरादून से 18 शहरों के लिए वन-स्टॉप कनेक्टिविटी
नई उड़ान के साथ देहरादून से यात्री अब बेंगलुरु के माध्यम से इन शहरों तक भी आसानी से पहुँच सकेंगे:
-
चेन्नई
-
गोवा
-
कोच्चि
-
कोझीकोड
-
मंगलुरु
-
उत्तरी गोवा
-
पुणे
-
रांची
-
तिरुवनंतपुरम
-
तिरुचिरापल्ली
-
विजयवाड़ा
-
विशाखापत्तनम
(कुल 18 गंतव्य)
‘टेल्स ऑफ इंडिया’ में उत्तराखंड की झलक: ऐपण कला
देहरादून से पहली उड़ान के लिए तैनात नया बोइंग 737-8 विमान एयर इंडिया एक्सप्रेस की ‘टेल्स ऑफ इंडिया’ पहल का हिस्सा है, जिसकी टेल आर्ट उत्तराखंड की पारंपरिक ‘ऐपण’ कला से प्रेरित है।
बुकिंग पर मिलेंगे कई फायदे
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अपने ‘बुक डायरेक्ट’ अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि सीधे वेबसाइट (www.airindiaexpress.com) या मोबाइल ऐप से बुकिंग पर 20% तक की छूट, नेट बैंकिंग पर शून्य सुविधा शुल्क . छात्रों, वरिष्ठ नागरिकों और सेना कर्मियों को विशेष रियायत , ‘गौर्मेयर’ मेनू से प्री-बुक्ड मील पर 50% तक की छूट. मास्टरकार्ड से भुगतान पर घरेलू उड़ानों पर ₹250 व अंतरराष्ट्रीय पर ₹600 की छूट
‘एक्सप्रेस हॉलिडे’ भी हुआ लॉन्च
यात्रियों के लिए एयर इंडिया एक्सप्रेस ने ‘एक्सप्रेस हॉलिडे’ प्लेटफॉर्म भी शुरू किया है, जहां से हॉलिडे पैकेज, होटल, ट्रांसपोर्ट और एक्टिविटी बुकिंग की जा सकती है।
इस फ्लैग ऑफ कार्यक्रम में उपस्थित रहे:
सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, दोईवाला विधायक बृज भूषण गैरोला, एयर इंडिया एक्सप्रेस के एमडी श्री आलोक सिंह, UCADA के सीईओ आईएएस आशीष चौहान, एयरपोर्ट अथॉरिटी व प्रशासनिक अधिकारी, आम नागरिक व यात्रीगण
पहली उड़ान का समय:
देहरादून से उड़ान: 16:30 बजे
बेंगलुरु पहुंचने का समय: 19:30 बजे

