देहरादून। प्रदेश में स्टार्टअप इकोसिस्टम को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों के तहत नवाचार आइडिया रखने वाले 10 युवाओं का स्टार्टअप के रूप में चयन किया गया है। चयनित युवाओं को प्रदेश सरकार की ओर से दो-दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। उच्च अधिकारियों की अनुमति मिलने के बाद जल्द ही युवाओं को पुरस्कार राशि से सम्मानित किया जाएगा।
प्रदेश में अब तक 219 स्टार्टअप को सरकार की ओर से मान्यता मिल चुकी है। वहीं, केंद्र सरकार के स्टार्टअप पोर्टल पर राज्य के 1500 से अधिक युवा स्टार्टअप के रूप में पंजीकृत हैं।
युवाओं के नवाचार को स्टार्टअप में बदलने के लिए उद्योग विभाग के सहयोग से जिलास्तर पर उच्च शिक्षण संस्थानों में बूट कैंप आयोजित किए गए। इन बूट कैंप के माध्यम से युवाओं के नए आइडिया को परखा गया और बेहतर संभावनाओं वाले आइडिया का स्टार्टअप के लिए चयन किया गया।
सरकार ने स्टार्टअप को कारोबार बढ़ाने के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 200 करोड़ रुपये का वेंचर फंड भी स्थापित किया है। इसके साथ ही स्टार्टअप नीति के तहत युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए कई वित्तीय प्रोत्साहनों का प्रावधान किया गया है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश में नवाचार को बढ़ावा देकर युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराना है।

