देहरादून। पूर्व विधायक प्रणव सिंह चैंपियन के बेटे दिव्य प्रताप सिंह पर दर्ज मारपीट और धमकाने के मामले में जांच तेज़ हो गई है। जारी नोटिस के अनुसार दिव्य प्रताप सिंह बुधवार को देहरादून पुलिस के सामने पेश हो सकते हैं। पुलिस ने सोमवार को नोटिस जारी कर उन्हें तीन दिन के भीतर अपना पक्ष रखने और जांच में शामिल होने का निर्देश दिया था।
मामला पूर्व मुख्य सचिव के बेटे आर. यशोर्धन के साथ मारपीट और लाइसेंसी हथियार लहराकर धमकाने से जुड़ा है। इस पूरे घटनाक्रम की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आ चुकी है, जिसे मामले की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।
जांच अधिकारी ने पूछताछ के लिए सवालों की विस्तृत सूची तैयार की है। यह सवाल मुख्य रूप से सीसीटीवी में दिखी गतिविधियों की पुष्टि, दिव्य प्रताप के बयान, और हथियार दिखाकर डराने-धमकाने के आरोपों पर केंद्रित होंगे। जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर दिव्य प्रताप से सभी बिंदुओं पर जवाब मांगा जाएगा।
इधर, घटना की गंभीरता को देखते हुए हरिद्वार डीएम ने दिव्य प्रताप सिंह के तीनों शस्त्र लाइसेंस (दो रिवॉल्वर, एक बंदूक) निलंबित कर दिए हैं। साथ ही उन्हें 15 दिन के भीतर कारण बताओ नोटिस का जवाब देने के लिए कहा गया है, अन्यथा लाइसेंस निरस्त किए जा सकते हैं। पुलिस और प्रशासन दोनों स्तरों पर मामले की कार्रवाई तेजी से आगे बढ़ रही है, और बुधवार को दिव्य प्रताप की पेशी को लेकर सभी की नजरें टिकी हैं।

