कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए चल रहे कोविड टीकाकरण में आज सोमवार को नया रिकॉर्ड बनेगा। स्वास्थ्य विभाग ने एक दिन में दो लाख लोगों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा है। सबसे अधिक देहरादून जिले में एक लाख लोगों को वैक्सीन की डोज लगाई जाएगी।
प्रदेश में कोविड टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाने के लिए सरकार व विभाग का विशेष जोर है। केंद्र सरकार से पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन की डोज उपलब्ध हो रही है। इसे देखते हुए सोमवार को पूरे प्रदेश में दो लाख लोगों को टीके लगाने की रणनीति बनाई गई है।
एम्स टीकाकरण केंद्र के प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने बताया कि अभियान सुबह नौ बजे से संचालित हो गया। संस्थान के आयुष भवन में बनाए गए टीकाकरण केंद्र में इस दौरान 18 साल से अधिक आयु वर्ग के सभी लोगों को टीका लगाया जा रहा है।

