Sunday, March 8, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डबदरीनाथ हाईवे पर जोशीमठ और पीपलकोटी के बीच आया मलबा, रोडवेज बस...

बदरीनाथ हाईवे पर जोशीमठ और पीपलकोटी के बीच आया मलबा, रोडवेज बस फंसी

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून सहित शुक्रवार को राज्य भर में बादल छाए हुए हैं और बारिश की प्रबल संभावना बन रही है। राजधानी देहरादून सहित कई इलाकों में शुक्रवार तड़के बारिश भी हुई है। मसूरी में सुबह कोहरा छाया रहा। यहां भी बारिश का मौसम बना हुआ है। वहीं हरिद्वार, ऋषिकेश सहित कुमाऊं के लगभग सभी इलाकों में बादल लगे हुए हैं।

बदरीनाथ हाईवे जोशीमठ और पीपलकोटी के बीच टंगणी में भारी मलबा आने से अवरुद्ध हो गया है। यहां यात्रियों को ले जा रही रोडवेज की बस फंस गई है। जिले में अभी मौसम सामान्य है और 17 संपर्क मार्ग बंद चल रहे हैं।

शुक्रवार की सुबह यमुनोत्री हाईवे चौड़ीकरण के कारण खरादी-कुथनौर के बीच बंद हो गया। जिससे आवाजाही बाधित हो गई। हालांकि बाद में मार्ग खोल दिया गया। यहां अभी भी पहाड़ से मलबा और बोल्डर आने का खतरा बना हुआ है। उत्तरकाशी में बादल छाए हैं। यहां रुक-रुककर हल्की बूंदाबांदी हो रही है। गंगोत्री हाईवे पर यातायात सुचारू है।

बारिश से बंद हुए चकराता के पांच संपर्क मार्ग
रोजाना हो रही बारिश के चलते देहरादून जिले के चकराता क्षेत्र में मोटर मार्गों का बंद होने का सिलसिला जारी है। गुरुवार को भी क्षेत्र के पांच मोटर मार्ग यातायात के लिए बंद हो गए। जिसके चलते लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।विगत रात हुई बारिश के बाद बागिया डाडू ग्रामीण मार्ग, पाटी ग्रामीण मार्ग, मागटी पोखरी ककनोई ग्रामीण मार्ग, बैराड़ ग्रामीण मार्ग, अणु चिल्हाड ग्रामीण मार्ग मलबा आने के कारण बंद हो गए।

जहां लोगों को कई किमी पैदल चल मुख्य मार्गों तक आना पड़ रहा है। वहीं लोगों की नकदी फसलें भी समय से मंडी नहीं पहुंच पा रही हैं। ग्रामीण मेहर सिह, भगत सिंह, कृष्ण दत्त, भोपाल दास, सब्बल सिह आदि का कहना है कि इन दिनों गोभी, टमाटर, नाशपाती, सेब आदि फसल मंडी जा रही हैं, लेकिन बारिश के चलते रोजाना मार्ग बंद हो रहे हैं। जिससे इन्हें परेशानी हो रही है।

संपर्क करने पर अधिशासी अभियंता चकराता लोनिवि एम एस बेडवाल का कहना है कि सभी मार्गों को खोलने के निर्देश संबंधित अभियंताओं को दिए गए हैं।

दिनभर खुलता बंद होता रहा मलारी हाईवे 
भारत-चीन सीमा क्षेत्र को जोड़ने वाले जोशीमठ-मलारी हाईवे के सुरांईथोटा में खुलने और बंद होने का सिलसिला गुरुवार को भी जारी रहा। यहां चट्टान से रुक-रुककर पत्थर और मलबा हाईवे पर आ रहा है, जिससे वाहनों की सुचारू आवाजाही में दिक्कतें आ रही हैं।

सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) की जेसीबी के जरिए सुबह नौ बजे हाईवे से मलबा और बोल्डर हटाए गए, जिसके बाद सेना और स्थानीय वाहनों को गंतव्य तक भेजा गया। इसके बाद सुबह 10 बजे फिर से हाईवे बंद हो गया। यहां चट्टान से रुक-रुककर बोल्डर गिरने से वाहनों की आवाजाही बार-बार बाधित हो रही है।

बीआरओ के कमांडर मनीष कपिल ने बताया कि सुरांईथोटा में चट्टान से पत्थर व मलबा गिरने का सिलसिला जारी है। हाईवे सुचारू रखने की पूरी कोशिश की जा रही है। फिलहाल हाईवे सुचारू है। 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments