Saturday, March 7, 2026
Homeदेहरादूनभारी विरोध के बाद तीसरे दिन भी शराब का ठेका बंद, संगठनों...

भारी विरोध के बाद तीसरे दिन भी शराब का ठेका बंद, संगठनों ने किया जोरदार प्रदर्शन

ऋषिकेश (मुनिकीरेती)। खारास्रोत में अंग्रेजी शराब के ठेके के पास हुई युवक की हत्या के बाद उपजा जनाक्रोश तीसरे दिन भी शांत नहीं हुआ। लगातार बढ़ते विरोध के बीच नगर पालिका मुनिकीरेती ढालवाला स्थित खारास्रोत अंग्रेजी शराब का ठेका तीसरे दिन भी बंद रहा। मंगलवार को विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने ठेका परिसर के बाहर धरना-प्रदर्शन किया और ठेका स्थायी रूप से बंद करने की मांग की।

ठेके के पास हुई थी युवक की हत्या

दरअसल, 25 अक्तूबर की रात करीब 10:30 बजे खारास्रोत स्थित शराब ठेके के पास शीशमझाड़ी गांव के रहने वाले अजेंद्र कंडारी (28) की उसके ही दोस्त और पड़ोसी अक्षय ठाकुर (25) ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी।

थाना प्रभारी प्रदीप चौहान के अनुसार, दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर अक्षय ने अचानक चाकू से हमला कर दिया। उसने अजेंद्र पर कई बार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को एम्स ऋषिकेश पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

स्थानीयों का उग्र प्रदर्शन, आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने अजेंद्र के शव को बदरीनाथ हाईवे पर रखकर कई घंटे तक जाम और हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझाने की कोशिश की और लोगों को शांत कराया।

थाना मुनिकीरेती पुलिस ने आरोपी अक्षय ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

स्थानीय संगठनों की ठेका बंद करने की मांग

मंगलवार को भी विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ता ठेका परिसर के बाहर एकत्र हुए और प्रशासन से शराब ठेका बंद करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि शराब ठेके के कारण क्षेत्र में अपराध, विवाद और असामाजिक गतिविधियां बढ़ रही हैं। स्थानीय लोग इसे लेकर कई बार विरोध जता चुके हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

प्रशासन सतर्क, जांच जारी

पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। वहीं, बढ़ते विरोध को देखते हुए ठेका फिलहाल बंद है और क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments