Friday, August 21, 2026
Homeदेहरादूनमसूरी में बारिश का कहर: कैंपटी रोड पर भरभराकर गिरा बहुमंजिला भवन,...

मसूरी में बारिश का कहर: कैंपटी रोड पर भरभराकर गिरा बहुमंजिला भवन, पांच लोगों ने भागकर बचाई जान

मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच हादसों का खतरा बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को कैंपटी रोड क्षेत्र में एक बहुमंजिला भवन अचानक भरभराकर धराशायी हो गया। हादसे के समय भवन के अंदर मौजूद पांच लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। गनीमत रही कि घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भवन गिरने से कुछ क्षण पहले अचानक तेज आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर भवन के अंदर मौजूद लोग घबरा गए और किसी तरह बाहर निकल आए। इसके तुरंत बाद देखते ही देखते पूरा बहुमंजिला भवन मलबे में तब्दील हो गया। हादसे के दौरान भवन के अंदर रखा पूरा सामान भी मलबे में दबकर नष्ट हो गया।

बताया गया कि भवन में चार कमरे थे, जबकि इसकी छत पर रेस्टोरेंट भी संचालित किया जा रहा था। भवन के अचानक गिरने से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बहुमंजिला भवन को अचानक भरभराकर गिरते हुए देखा जा सकता है।

सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। राहत की बात यह रही कि भवन में मौजूद सभी पांच लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क, भवन और भूस्खलन से जुड़े खतरे बढ़ गए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ ही जर्जर और जोखिम वाले भवनों का निरीक्षण कराने की मांग की है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments