चारधाम यात्रा के तहत केदारनाथ धाम के लिए संचालित हेली सेवा को इस बार मानसून आने से पहले ही बंद कर दिया गया है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने 25 जून के बाद हेली सेवा संचालन की अनुमति नहीं दी। अब मानसून सीजन समाप्त होने के बाद सितंबर माह से हेली सेवा दोबारा शुरू की जाएगी।
बता दें कि 22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही हेली सेवा का संचालन शुरू किया गया था। इस बार उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने नई टेंडर प्रक्रिया के तहत आठ हेली ऑपरेटर कंपनियों का चयन किया था। गुप्तकाशी, सिरसी और फाटा हेलिपैड से केदारनाथ धाम के लिए हेलीकॉप्टर सेवाएं संचालित की जा रही थीं।
राजस ऐरा स्पोर्ट्स, ट्रांस भारत एविएशन, यूनाइटेड हेली चार्टर्स, हिमालयन हेली सर्विस, पिलिग्रिमेज एविएशन, एरो एयरक्राफ्ट, चिप्सन एविएशन और थंबी एविएशन कंपनियों ने 22 अप्रैल से 25 जून 2026 तक कुल 11,800 से अधिक शटल उड़ानों का संचालन किया। इस दौरान 1.37 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने हेलीकॉप्टर के माध्यम से केदारनाथ धाम की यात्रा की।
यूकाडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रतीक जैन ने बताया कि डीजीसीए ने 25 जून तक ही हेली सेवा संचालन की अनुमति दी थी। केदारघाटी में लगातार बारिश और मौसम खराब रहने के कारण सुरक्षा के दृष्टिगत सेवा को आगे बढ़ाने की अनुमति नहीं दी गई। उन्होंने बताया कि मानसून सीजन समाप्त होने के बाद सितंबर में फिर से हेली सेवा शुरू की जाएगी।

