Saturday, March 7, 2026
Homeदेहरादूनमुख्यमंत्री के दौरे के बाद डीएम सविन बंसल ने सेरागांव-सहस्त्रधारा में आपदा...

मुख्यमंत्री के दौरे के बाद डीएम सविन बंसल ने सेरागांव-सहस्त्रधारा में आपदा राहत और पुनर्निर्माण कार्यों की ग्राउंड जीरो पर समीक्षा की

देहरादून: मुख्यमंत्री के हालिया आपदाग्रस्त क्षेत्र भ्रमण के बाद जिलाधिकारी सविन बंसल ने सेरागांव सहस्त्रधारा क्षेत्र में अधिकारियों संग समीक्षा बैठक की और ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर राहत एवं पुनर्निर्माण कार्यों का गहन निरीक्षण किया।

बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार क्षतिग्रस्त परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को मौके पर तलब किया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन कार्यों का आंगणन शेष है, उन्हें तत्काल लेटलांग लोकेशन सहित एक सप्ताह के भीतर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को प्रस्तुत किया जाए।

पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी के निर्देश

जिलाधिकारी ने कार्लीगाड, मझेड़ा जैसे क्षेत्रों में बिजली, पानी और सड़कों के पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वे स्वयं सभी कार्यों की निगरानी कर रहे हैं और मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जनजीवन को शीघ्र सामान्य बनाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

प्रभावित परिवारों को मिलेगा बाजार दर पर किराया

आपदा में क्षतिग्रस्त मकानों के चलते विस्थापित हुए परिवारों को राहत देने के उद्देश्य से डीएम ने बाजार दर के अनुसार किराया दिए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। वर्तमान में 4,000 रुपये प्रति माह दिए जा रहे हैं, जिसे बढ़ाने की मांग पर भी कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।

भविष्य की आपदा से बचाव के लिए सर्वेक्षण कार्य

कार्लीगाड और मजाड़ा क्षेत्र में संभावित आपदा जोखिम को देखते हुए जिलाधिकारी ने वाडिया संस्थान और आईआईटी रुड़की की तकनीकी टीमों से उच्च स्तरीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। सर्वे रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।

मलबा निस्तारण कार्यों की समीक्षा

आपदा से नदियों और गदेरों में जमा हुए मलबे के प्रभावी निस्तारण के लिए जिलाधिकारी ने वन, सिंचाई, राजस्व और खनन विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मानसून पूर्व मलबा हटाने के निर्देश दिए। इस कार्य के लिए लगभग 500-600 मीटर के पैच चिन्हित किए गए हैं।

पंचायत अधिकारियों को फटकार, लोनिवि को फंड स्वीकृत

क्षेत्र में आंतरिक सड़कों की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताते हुए डीएम ने पंचायत विभाग को फटकार लगाई। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को मशीन के माध्यम से मोटरमार्ग खोलने हेतु तत्काल फंड स्वीकृत किया और पैदल रास्तों को युद्धस्तर पर खोलने के निर्देश दिए।

उपस्थित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि:

समीक्षा बैठक में अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, उप जिलाधिकारी हरिगिरि, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढौंडियाल, अधीक्षण अभियंता लोनिवि ओमपाल, विद्युत विभाग के राकेश कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान व क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments