Saturday, March 7, 2026
Homeदेहरादूनराज्य स्तरीय दिशा समिति की बैठक सम्पन्न, प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत...

राज्य स्तरीय दिशा समिति की बैठक सम्पन्न, प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत सौर पंपों की स्थापना तेज करने के निर्देश

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को सचिवालय में राज्य स्तरीय दिशा समिति की पहली बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि पारदर्शिता, जवाबदेही और विभागीय समन्वय अत्यंत आवश्यक है।

बैठक में कृषि, ग्रामीण विकास, शहरी विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, डिजिटल प्रौद्योगिकी, पर्यावरण और खेल जैसे क्षेत्रों की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए ठोस और सार्थक कदम उठाए जा रहे हैं और किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी।

उन्होंने कहा कि योजनाओं की निगरानी और संचालन में डिजिटल तकनीक का अधिकतम उपयोग किया जाए, जिससे सूचनाएं त्वरित रूप से उपलब्ध हों और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से किसानों, गरीबों, महिलाओं और युवाओं तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने के लिए समन्वित प्रयासों पर बल दिया।

कृषि और ऊर्जा क्षेत्र पर विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत सौर ऊर्जा आधारित पंपों की स्थापना की गति तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को सिंचाई के बेहतर साधन मिलेंगे और दीर्घकालिक ऊर्जा आत्मनिर्भरता भी सुनिश्चित होगी। साथ ही यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी अहम कदम होगा।

सड़क संपर्क को बताया विकास की आधारशिला
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत शेष गांवों को जल्द से जल्द सड़क सुविधा से जोड़ने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क संपर्क किसी भी क्षेत्र के विकास की बुनियाद होता है, विशेषकर दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए यह जीवन को आसान बनाता है।

स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार पर जोर
बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में हो रही प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में हैं। युवाओं और महिलाओं के लिए कौशल विकास, स्वरोजगार और उद्यमिता योजनाओं को प्रभावी रूप से लागू करने पर भी जोर दिया गया।

जनभागीदारी को बताया सफलता की कुंजी
मुख्यमंत्री ने कहा कि योजनाओं की सफलता के लिए शासन के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों और आम जनता की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे जनप्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद करें और योजनाओं की जानकारी साझा करें।

उपस्थित रहे कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि
बैठक में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, डॉ. कल्पना सैनी, विधायकगण सहदेव सिंह पुण्डीर, रेनू बिष्ट, सुरेश गढ़िया, शक्तिलाल शाह, हरीश धामी एवं मनोज तिवारी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। साथ ही प्रमुख सचिव एल. फैनई, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, सचिव राधिका झा, नितेश झा, बी.वी.आर.सी. पुरूषोत्तम, एस.एन. पांडेय सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष भी बैठक में सम्मिलित हुए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments