देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की तैयारियां जोरों पर हैं। इस बार राज्य के इतिहास में एक खास अवसर जुड़ने जा रहा है — राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहली बार उत्तराखंड विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित करेंगी।
राज्य गठन के बाद यह पहला अवसर होगा जब कोई राष्ट्रपति उत्तराखंड विधानसभा में आकर सीधे सदन को संबोधित करेंगी। इसको लेकर प्रशासन और विधानसभा सचिवालय ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने विशेष सत्र की तैयारियों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और उच्चस्तरीय तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।
अध्यक्ष ने कहा कि यह अवसर राज्य के लिए गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक है, इसलिए सुरक्षा, स्वागत, प्रोटोकॉल और तकनीकी प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
राज्य स्थापना दिवस पर होने वाला यह विशेष सत्र उत्तराखंड के 25 वर्षों की उपलब्धियों और भविष्य की दिशा पर केंद्रित रहेगा।

