देहरादून। सितंबर माह में किसी कारणवश राशन लेने से वंचित रह गए कार्डधारकों को सरकार ने बड़ी राहत दी है। ऐसे सभी पात्र उपभोक्ता अब 15 अक्टूबर तक अपना सितंबर माह का राशन प्राप्त कर सकेंगे। इसके साथ ही अक्टूबर माह के राशन का वितरण भी जिलेभर में शुरू हो गया है।
दीपावली के मद्देनज़र सख्ती से हो रही निगरानी
त्योहारी सीजन को देखते हुए जिला आपूर्ति विभाग राशन वितरण की सख्ती से निगरानी कर रहा है। जिले में इस समय करीब 1036 राशन दुकानें संचालित हो रही हैं। इनमें से 1.45 लाख कार्डधारक राज्य खाद्य योजना (SFY), 2.20 लाख प्राथमिक परिवार (PHS) और 15,172 अंत्योदय कार्डधारक लाभान्वित हो रहे हैं।
बारिश और आपदा बनी बड़ी वजह
सितंबर माह में भारी बारिश और आपदा के चलते ई-पॉश मशीनों की नेटवर्क समस्या, सड़क मार्गों के टूटने और राशन आपूर्ति में बाधा जैसी कई समस्याएं सामने आईं। जिसके कारण बड़ी संख्या में लाभार्थी राशन से वंचित रह गए।
अब मिलेगा सितंबर और अक्टूबर का राशन एक साथ
अब ऐसे सभी उपभोक्ताओं को 15 अक्टूबर तक सितंबर का राशन लेने की अनुमति दी गई है। वहीं, अक्टूबर माह का राशन वितरण भी शुक्रवार दोपहर 3 बजे से शुरू कर दिया गया है, जिससे उपभोक्ताओं को दोनों माह का राशन एक साथ प्राप्त हो सकेगा।
जानिए कौन कितना राशन पाता है
- राज्य खाद्य योजना: 7.50 किलोग्राम चावल ₹11 प्रति किलो की दर से
- प्राथमिक परिवार कार्ड: प्रति यूनिट 2 किलो गेहूं और 3 किलो चावल
- अंत्योदय कार्ड: 21.300 किलोग्राम चावल और 13.700 किलोग्राम गेहूं निशुल्क
लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल ने बताया कि राशन वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी पाए जाने पर राशन दुकानदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

