देहरादून: शहर की हवा अब और साफ हो गई है। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु सर्वेक्षण 2025 में देहरादून ने बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए देशभर में 19वां स्थान प्राप्त किया है। पिछले साल जहां दून 37वें पायदान पर था, वहीं इस बार टॉप-20 शहरों में शामिल होकर एक सकारात्मक बदलाव का संकेत दिया है।
भारत सरकार द्वारा जून में कराए गए इस सर्वेक्षण का परिणाम मंगलवार को घोषित किया गया। नगर निगम देहरादून को इस बार कुल 171.7 अंक प्राप्त हुए, जबकि पिछले वर्ष यह आंकड़ा 126.5 अंक था।
निगम की ठोस पहलें लाईं रंग
- नगर निगम ने बीते आठ महीनों में वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए कई ठोस कदम उठाए, जिनमें शामिल हैं:
- नए पार्कों का निर्माण
- वृक्षारोपण अभियान
- साइकिल ट्रैक का विकास
- सड़कों के किनारे धूल नियंत्रण के लिए पटरियों का निर्माण
- फुटपाथों का निर्माण
- 15 ई-ऑटो ट्रिपर की खरीददारी से सूक्ष्म गलियों से कूड़ा उठाने की व्यवस्था
- गीले कचरे से खाद बनाने के लिए 10 कंपोस्ट मशीनें स्थापित करना
आगे का लक्ष्य: टॉप-5 में जगह बनाना
नगर आयुक्त नमामी बंसल ने बताया कि अब शहर को “धूल मुक्त” बनाने की दिशा में और भी प्रभावी कार्य योजना तैयार की जा रही है। हरित नीति लागू करने, हरियाली बढ़ाने और शहरी वायु प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए कई प्रस्तावों पर कार्य चल रहा है।
मेयर ने दी शुभकामनाएं
मेयर सौरभ थपलियाल ने नगर निगम की इस उपलब्धि के लिए नगर आयुक्त नमामी बंसल और उनकी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा: “यह देहरादूनवासियों की भागीदारी का परिणाम है। अगली बार हमारा लक्ष्य टॉप-5 में आना है। इसके लिए हर नागरिक को वायु प्रदूषण के घटकों को ध्यान में रखते हुए मिलकर प्रयास करना होगा।”
दून की यह उपलब्धि न केवल शहर के पर्यावरणीय स्वास्थ्य के लिए उत्साहजनक है, बल्कि यह एक प्रेरणा भी है कि सम्मिलित प्रयासों से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।

