देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई वास्तविक मुद्दा नहीं बचा है। यही वजह है कि राहुल गांधी ‘छात्रों की गूंज’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से झूठ और भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि राहुल गांधी के कई बयान तथ्य जांच में गलत साबित हुए हैं।
शुद्धिकरण प्रकरण पर कांग्रेस को घेरा
शुद्धिकरण प्रकरण को जाति से जोड़ने के कांग्रेस के प्रयासों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने जानबूझकर इस विषय पर भ्रम फैलाने और समाज को बांटने की कोशिश की। उन्होंने स्पष्ट किया कि शुद्धिकरण और हवन जिहादी नारों के विरोध में किया गया था। इसका जातिवाद से कोई संबंध नहीं था।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन को करने वाले लोग स्वयं अनुसूचित समाज से थे। ऐसे में कांग्रेस की ओर से इस मामले को जातिगत रंग देने का प्रयास निराधार है।
निवेश और रोजगार के मुद्दे पर भी साधा निशाना
यूआईआईडीबी से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संस्था प्रदेश में निवेश बढ़ाने, आर्थिक गतिविधियों को गति देने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने के उद्देश्य से काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में आ रहा निवेश और युवाओं के लिए पैदा हो रहे रोजगार के अवसर भी कांग्रेस को रास नहीं आ रहे हैं।
13 हजार एकड़ सरकारी भूमि अतिक्रमण से मुक्त कराई
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश में करीब 13 हजार एकड़ अतिक्रमित सरकारी भूमि को मुक्त कराया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कार्रवाई से भी कांग्रेस परेशान है। बनभूलपुरा में अतिक्रमण के मुद्दे पर कांग्रेस की चुप्पी उसके दोहरे चरित्र को उजागर करती है।
धामी ने कहा कि देवभूमि की जमीन और प्रदेश के मूल स्वरूप की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि देवभूमि की जमीन कोई हरी घास नहीं है कि कोई भी आए और चरकर चला जाए। उत्तराखंड की एक-एक इंच जमीन और देवभूमि के मूल स्वरूप की रक्षा के लिए सरकार पूरी दृढ़ता के साथ काम करती रहेगी।

