देहरादून। चुनाव संबंधी अनियमितताओं और मतदाता सूची से जुड़े कथित मामलों के विरोध में कांग्रेस ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर सचिवालय घेराव के लिए निकले कांग्रेसियों को पुलिस ने सुभाष रोड स्थित आयकर कार्यालय के पास रोक दिया।
पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता वहीं सड़क पर धरने पर बैठ गए और प्रदर्शन करने लगे। कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने की मांग भी उठाई।
इससे पहले प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से जुलूस के रूप में सुभाष रोड पहुंचे। जुलूस में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल रहे।
प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मामलों को लेकर केंद्र सरकार तथा चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को सचिवालय की ओर आगे बढ़ने से रोक दिया, जिसके बाद मौके पर धरना जारी रहा।

