देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्य सेवक सदन, मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से विभिन्न विभागों में चयनित 221 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
इन अभ्यर्थियों का चयन शहरी विकास, कौशल विकास एवं सेवायोजन तथा पशुपालन विभाग में हुआ है। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षण वर्षों की मेहनत, संघर्ष और समर्पण का परिणाम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार बीते साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं से जोड़ चुकी है। उन्होंने कहा कि चयनित युवाओं के चेहरों पर दिख रही खुशी यह दर्शाती है कि राज्य सरकार सही दिशा में कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य के युवा केवल वर्तमान ही नहीं बल्कि भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नई स्टार्टअप नीति राज्य में स्टार्टअप कल्चर को बढ़ावा दे रही है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और युवा प्रोत्साहन योजनाओं के जरिए युवाओं को आर्थिक और तकनीकी रूप से मजबूत बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों और प्रयासों से प्रदेश के युवा अब अपने सपनों को लेकर पहले से अधिक आश्वस्त नजर आ रहे हैं।

