देहरादून। जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल ने शुक्रवार सुबह एक अलग ही भूमिका में नजर आए। तहसील देहरादून के ग्राम आर्केडियाग्रांट में आयोजित धान की फसल कटाई प्रयोग के निरीक्षण के दौरान डीएम बंसल स्वयं खेत में उतरे और किसानों के साथ मिलकर धान की कटाई की।
इस मौके पर जिलाधिकारी ने दरांती उठाकर खुद फसल काटी, जिससे किसानों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। यह प्रयोग 43.30 वर्ग मीटर के प्लॉट पर किया गया, जिसमें कुल 17 किलो 500 ग्राम धान की उपज प्राप्त हुई।
इस फसल कटाई प्रयोग का संपादन राजस्व उप निरीक्षक द्वारा जीसीईएस (GCES) एवं सीसीई एग्री ऐप (CCE Agri App) की सहायता से किया गया। खेत से ही उपज संबंधी आंकड़े भारत सरकार के पोर्टल पर अपलोड किए गए।
प्राप्त आंकड़ों का उपयोग फसलों की औसत उपज निर्धारण तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत लाभान्वित किसानों के दावों के आंकलन हेतु किया जाएगा।
जिलाधिकारी की यह पहल न सिर्फ कृषकों के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाती है, बल्कि शासन-प्रशासन के उच्चाधिकारियों की फील्ड में सक्रिय भागीदारी का बेहतरीन उदाहरण भी है।

