पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हरिद्वार स्थित बैरागी कैंप में 7 मार्च 2026 को प्रस्तावित अमित शाह के भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर मंच, बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन सहित सभी व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री का उत्तराखण्ड आगमन राज्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, सुरक्षित और समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित की जाएं। सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की शिथिलता न बरतने के निर्देश देते हुए उन्होंने पुलिस और प्रशासन को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।
उन्होंने आमजन की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, चिकित्सा सुविधा, आपातकालीन सेवाएं और अग्निशमन व्यवस्था को पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश भी दिए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार करने को कहा, ताकि शहर में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो और लोगों को असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पाण्डे, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने तैयारियों की जानकारी दी। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

