Tuesday, March 10, 2026
Homeअपराधउत्तराखंड में भी पड़ी धर्म परिवर्तन की काली साया, दुबई से लौटे...

उत्तराखंड में भी पड़ी धर्म परिवर्तन की काली साया, दुबई से लौटे युवक का जबरन कराया धर्मांतरण

उत्तराखंड में भी धर्म परिवर्तन की काली साया पड़ने लगी है। दुबई से बाजपुर लौटे एक युवक के कथित धर्मांतरण का मामला सामने आया है। इस मामले में युवक के परिजनों ने बुधवार को विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं के साथ कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी है। परिजनों का आरोप है उनके बेटे को बरगला कर यूपी के एक गांव में अन्य धर्म के कुछ लोगों ने पनाह दी है। जब वे बेटे को वापस लाने के लिए गए, तो इन लोगों ने उनसे अभद्रता की। परिजनों के अनुसार, फिलहाल करीब पांच महीने से उनके बेटे का कोई अता-पता नहीं है। बाजपुर पुलिस ने मामले की जांच करने की बात कही है। बाजपुर क्षेत्र के गांव मुडियाकलां खेड़ा निवासी किरनपाल पुत्र तुलाराम बुधवार को विहिप के जिला मंत्री यशपाल राजहंस समेत कई लोगों के साथ कोतवाली पहुंचे।

यहां किरनपाल ने पुलिस को तहरीर दी। तहरीर में कहा कि उनका भाई राहुल चंद्रा (29 वर्ष) 2016 में नौकरी की तलाश में दुबई गया था। वहां से 2019 में राहुल वापस आ गया। आरोप है कि दुबई से वापस आने के बाद राहुल के व्यवहार में काफी बदलाव आ गया। वह रात में मस्जिद में जाने लगा। इससे उन्हें राहुल की गतिविधियों पर शक हुआ। जब परिजनों ने राहुल से इसकी वजह पूछी, तो राहुल ने बताया कि उसने इस्लाम धर्म अपना लिया है। अब उसका नाम इस्लाम हो गया है। इस पर परिजनों ने उसे काफी समझाया, लेकिन वह कुछ सुनने को तैयार नहीं था। तब परिजनों ने उस पर घर से निकलने पर पाबंदी लगा दी।

राहुल के भाई किरनपाल ने तहरीर के जरिये बताया कि जनवरी 2020 में राहुल घर से बिना बताये लापता हो गया। इस दौरान किसी ने उन्हें बताया कि राहुल उनके पुश्तैनी गांव टांडा स्थित गांव कलियर नगला, जिला रामपुर (यूपी) में रह रहा है। इस पर परिवार के लोग वहां गए। यहां राहुल उन्हें एक मुस्लिम परिवार के साथ रहता मिला। उनके काफी समझाने पर राहुल वापस अपने घर लौट आया था। किरनपाल का कहना है कि जनवरी 2021 में राहुल फिर लापता हो गया। पिछले करीब पांच महीने से राहुल का कोई अता-पता नहीं है। विश्व हिंदू परिषद ने बाजपुर पुलिस से इस मामले में तत्परता से कार्रवाई की मांग की है।

यूपी में मामले खुले तो जगी आस: राहुल के भाई किरनपाल ने बताया कि दो दिन पहले यूपी में धर्मांतरण के कई मामलों का खुलासा हुआ है। इसके बाद उन्हें करीब पांच माह से लापता अपने भाई के घर लौटने की उम्मीद जगी है। इसी उम्मीद में उन्होंने पुलिस में तहरीर देकर भाई को ढूंढने और राहुल को बरगला कर पनाह देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

धर्मांतरण मामले में राहुल नाम के युवक के परिजनों की तरफ से तहरीर मिली है। परिजनों ने तहरीर में जो आरोप लगाये हैं, उसके अनुसार यह मामला यूपी का है। फिर भी बाजपुर कोतवाली के एसएसआई को मामले की जांच के निर्देश दे दिए हैं। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वंदना वर्मा, सीओ, बाजपुर (ऊधमसिंह नगर)।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments