रुद्रप्रयाग । पंचकेदार गद्दी स्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर में गुरुवार को मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ शीतकालीन यात्रा का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जीएमवीएन ऊखीमठ परिसर से निकली मनोहारी कलश यात्रा से हुई, जिसमें महिला मंगल दल, युवा मंगल दल तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। स्थानीय सांस्कृतिक परंपराओं की छटा पूरे मार्ग में दिखाई दी और श्रद्धालुओं ने जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया।
मंदिर प्रांगण में जिला अधिकारी प्रतीक जैन ने शिव भजन “शिव कैलासों के वासी, धौलीधारों के राजा…” प्रस्तुत कर भक्तिमय वातावरण बना दिया। इसके उपरांत केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, बदरी–केदार मंदिर समिति के उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण तथा जिलाधिकारी ने पूजा-अर्चना कर औपचारिक रूप से शीतकालीन यात्रा का शुभारंभ किया।
डीएम प्रतीक जैन ने बताया कि यात्रा के सुचारू संचालन के लिए सड़क, पेयजल, विद्युत, पार्किंग और सुरक्षा से जुड़े सभी व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि शीतकालीन यात्रा स्थानीय आर्थिकी को मजबूत करती है तथा इससे ग्रामीणों की आजीविका को विशेष गति मिलती है।
कार्यक्रम में बदरी–केदार समिति के सदस्य विनीत पोस्ती, नगर पंचायत अध्यक्ष कुब्जा धर्मवान, ब्लॉक प्रमुख पंकज शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला विकास अधिकारी अनिता पंवार, मंदिर समिति के पुजारी, कीर्तन मंडल और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

