उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में चल रहे कुंभ मेले में अतिरिक्त बसें चलाई जाएगी। हरिद्वार से बसों का संचालन किया जाएगा। बाहरी राज्यों से भी इस संबंध में वार्ता हो गई है। हरिद्वार पहुंचे मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि कुंभ मेले में चारगुना अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। ट्रेनों के संबंध में भी वार्ता चल रही है। बीते दिनों कोविड-19 की गाइडलाइन का हवाला देते हुए कुंभ मेले में हर बार चलने वाली अतिरिक्त बसें और ट्रेनों के संचालन पर रोक लगा दी गई थी। लेकिन अब मुख्यमंत्री ने दोबारा अतिरिक्त बसों के संचालन के सकेत दिए है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चारगुना बसों को चलाया जाएगा।
यदि दूसरे राज्य बसें नहीं चलाते है तो हमारी बसें यात्रियों को गंतव्यों तक छोड़कर आएगी। कहा कि ट्रेनों के अतिरिक्त संचालक पर भी वार्ता की जा रही है। शाही स्नान के दिन ट्रेनों को कुछ दूरी पर रोका जाता है। वहां से यात्रियों के हरिद्वार तक आने के लिए भी व्यवस्था की जा रही है। बता दें कि उत्तराखंड सरकार ने कुंभ स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रोक हटा दी थीं। कुंभ के लिए शंकराचार्यों और अखाड़ों को भूमि उपलब्ध कराने के लिए भी मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने निर्देश दिए थे। कहा था कि कुंभ 12 वर्ष के बाद आयोजित होता है, इसलिए हर कोई इस दौरान गंगा में स्नान करना चाहता है। कुंभ के प्रति देश-विदेश के करोड़ों लोगों की आस्था भी जुड़ी है। इसलिए कुंभ स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालु को किसी तरह की परेशानी न हो।

