चैत्र नवरात्र के अवसर पर गंगोत्री मंदिर समिति ने गंगोत्री धाम के कपाट खुलने की तिथि घोषित कर दी है। समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि अक्षय तृतीया के पावन दिन 19 अप्रैल को शुभ लाभ बेला में दोपहर 12 बजकर 15 मिनट पर कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।
इसके एक दिन पूर्व 18 अप्रैल को मां गंगा की भोगमूर्ति की डोली शीतकालीन प्रवास मुखबा गांव से सेना बैंड और ढोल-दमाऊ की धुन के साथ गंगोत्री धाम के लिए रवाना होगी। डोली उसी दिन रात्रि विश्राम भैरव घाटी स्थित भैरव मंदिर में करेगी।
अगले दिन 19 अप्रैल को सुबह सात बजे डोली पुनः गंगोत्री धाम के लिए पैदल प्रस्थान करेगी। इसके बाद विधि-विधान के साथ अक्षय तृतीया पर मंदिर के कपाट छह माह के लिए खोल दिए जाएंगे।
समिति के उपाध्यक्ष अरुण सेमवाल ने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा के दौरान मंदिर परिसर में गैर सनातनी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई जाएगी।

