Saturday, March 7, 2026
Homeधर्म-संस्कृतिदेहरादून में गणेश महोत्सव की धूम, आज से आरंभ हुई भव्य पूजा-अर्चना

देहरादून में गणेश महोत्सव की धूम, आज से आरंभ हुई भव्य पूजा-अर्चना

देहरादून। आज से देहरादून में गणेश महोत्सव की शुरुआत हो गई है। गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर शहरवासियों ने श्रद्धा और उल्लास के साथ भगवान गणपति की प्रतिमाएं स्थापित कीं। घरों से लेकर शहर के विभिन्न इलाकों तक भक्तिमय माहौल बना हुआ है।

शहर की प्रमुख आयोजक समितियों द्वारा बैंड-बाजे के साथ गणपति की भव्य शोभायात्राएं निकाली गईं, जिनके बाद गणेश प्रतिमाओं को विधिवत पूजा-अर्चना कर पंडालों में विराजमान किया गया। पंडालों को रंग-बिरंगी लाइटों, फूलों और पारंपरिक सजावट से सजाया गया है।

पांच सितंबर तक भजन संध्या, छह को नगर परिक्रमा के बाद विसर्जन

गणेश महोत्सव के दौरान पांच सितंबर तक प्रतिदिन भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। छह सितंबर को नगर परिक्रमा के साथ गणपति विसर्जन की प्रक्रिया संपन्न होगी। शहर के कई आयोजन समितियां तीसरे, पांचवें, सातवें और दसवें दिन गणपति विसर्जन करेंगी।

शहर में तैयारियों का दिखा उत्साह

मंगलवार को पटेलनगर, प्रेमनगर, मन्नूगंज, धामावाला, क्लेमेनटाउन समेत कई क्षेत्रों में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। देर शाम तक गणपति की प्रतिमाएं पंडालों में स्थापित की गईं। वहीं, कई श्रद्धालुओं ने आज सुबह घरों में भी गणपति बप्पा को विराजमान किया।

बाजारों में दिखी रौनक, मूर्ति और पूजा सामग्री की भारी खरीदारी

गणेश चतुर्थी को लेकर बाजारों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। कुम्हार मंडी, पटेलनगर, निरंजनपुर, जीएमएस रोड, चकराता रोड सहित कई इलाकों में सड़क किनारे छोटी से लेकर तीन फीट तक की गणेश प्रतिमाएं सजी थीं, जिन्हें खरीदने के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ी।

यहां होते हैं प्रमुख आयोजन

पटेलनगर: गणेश उत्सव समिति

मन्नूगंज: गणपति युवा सेवा समिति

धामावाला: गणेश उत्सव मंडल

प्रेमनगर: सनातन धर्म मंदिर, युवा मंडल

इसके अलावा खुड़बुड़ा, राजपुर, धर्मपुर और क्लेमेनटाउन में भी भव्य पंडाल सजाए गए हैं।

गणपति बप्पा मोरया!

गणेश चतुर्थी के इस पर्व पर देहरादून भक्तिभाव में डूबा नजर आ रहा है। गणपति बप्पा की जयकारों से गूंजते शहर में श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ महोत्सव में भाग ले रहे हैं। आने वाले दिनों में भी विविध कार्यक्रमों के साथ महोत्सव का उल्लास बना रहेगा।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments