Sunday, March 8, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डऋषिकेश में राम, लक्ष्मण और जानकी पुल के बाद अब आकार लेगा...

ऋषिकेश में राम, लक्ष्मण और जानकी पुल के बाद अब आकार लेगा बजरंग पुल, दिखेगी केदारनाथ मंदिर की झलक

ऋषिकेश। ऋषिकेश में जानकी पुल के लोकार्पण के बाद राम दरबार के मुख्य सदस्य श्री हनुमान के नाम से फोर लेन का बजरंग पुल तीर्थनगरी में बहुत जल्दी आकार लेगा। यूं तो इसके निर्माण की कवायद लंबे समय से चल रही है, लेकिन शुक्रवार को जानकी झूला पुल के लोकार्पण के मौके पर मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद तीर्थनगरी के लोगों में पुल के शीघ्र बनने की उम्मीद जगी है। चीन में बने कांच के पुल की तर्ज पर बजरंग पुल के बाहरी हिस्से भी पारदर्शी होंगे।

इसके अलावा दोनों सिरों पर बनने वाले इसके टावर केदारनाथ मंदिर की झलक प्रस्तुत करेंगे। लोनिवि की ओर से इसका कंप्यूटरीकृत मॉडल तैैयार कर लिया गया है। केंद्रीय सड़क निधि से बनने वाले इस पुल के निर्माण में करीब 66 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

लक्ष्मण झूला पुल के पास बनने वाले बजरंग पुल के लिए पहले चरण में 3.03 करोड़ की स्वीकृति दी गई है। फिलहाल केंद्र सरकार को 66 करोड़ रुपये की डीपीआर स्वीकृति के लिए भेजी गई है। इसकी स्वीकृति जल्द मिलने की उम्मीद है। पुल की कुल लंबाई 133 मीटर और चौड़ाई 8 मीटर होगी।

इसके दोनों तरफ 1.5 मीटर का पैदल पथ होगा, जो कांच का बना होगा। यह कांच 65 मिमी मोटा होगा, जो बेहद मजबूत होता है। इस पर खड़े होकर सैलानी 57 मीटर ऊंचाई से गंगा की बहती जलधारा का अद्भुत नजारा देख सकेंगे।

चार पहिया वाहन भी चल सकेंगे
इसके अलावा बीच 2.5 गुणा 2.5 मीटर की दो लेन सड़क होगी, जिस पर चार पहिया वाहन भी चल सकेंगे। इसके दोनों सीरों पर बनने वाले टावर की ऊंचाई करीब 27 मीटर होगी, जो केदारनाथ मंदिर की तर्ज पर बनाया जाएगा। दूर से देखने में ये दोनों टावर केदारनाथ मंदिर की झलक पेश करेंगे।

बता दें कि 12 जुलाई 2019 को लक्ष्मणझूला पुल के कमजोर होने के कारण शासन ने पुल पर आवाजाही पर रोक लगा दी थी। तब से अब तक पुल पर लोगों की आवाजाही बंद है। खास बात यह है कि पुराने पुल को तोड़ा नहीं जाएगा, बल्कि इसे धरोहर के रूप में संजोया जाएगा।

लक्ष्मण झूला पुल के बगल में बनने वाले बजरंग पुल का डिजाइन फाइनल हो गया है। करीब 66 करोड़ की लागत से बनने वाले इस पुल की डीपीआर भारत सरकार को भेज दी गई है। यह पुल केंद्रीय सड़क निधि की वरीयता में है। केंद्र से मंजूरी के बाद पुल को शीघ्र बनाने का प्रयास किया जाएगा।
-मोहम्मद आरिफ खान, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, नरेंद्र नगर डिवीजन

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments