Sunday, March 8, 2026
Homeअपराधभाजपा सांसद धर्मेंद्र कश्यप समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज, जागेश्वर धाम...

भाजपा सांसद धर्मेंद्र कश्यप समेत तीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज, जागेश्वर धाम में अभद्रता का मामला

भगवान भोले के धाम जागेश्वर में शनिवार को मंदिर समिति के प्रबंधक भगवान भट्ट और पुजारियों से गालीगलौज और अभद्रता आंवला (बरेली) के भाजपा सांसद धर्मेंद्र कश्यप को भारी पड़ गई। भगवान भट्ट की तहरीर पर राजस्व पुलिस ने धर्मेंद्र कश्यप, उनके साथी मोहन राजपूत और सुशील अग्रवाल के खिलाफ मजिस्ट्रेट के आदेश का उल्लंघन करने पर धारा 188 और गालीगलौज, अभद्रता करने पर धारा 504 के तहत प्राथमिक दर्ज कर ली है। अल्मोड़ा एसडीएम ने इसकी पुष्टि की है। सांसद के अमर्यादित आचरण के विरोध में रविवार को कुमाऊं में कई जगहों पर लोगों ने प्रदर्शन किया।प्रबंधक भगवान भट्ट ने राजस्व उप निरीक्षक कोटुली के यहां दी हुई तहरीर में लिखा है कि शनिवार 31 जुलाई को शाम 3:30 बजे सांसद धर्मेंद्र कश्यप अपने दो साथियों मोहन राजपूत, सुशील अग्रवाल और यूपी पुलिस के चार सुरक्षा कर्मियों के साथ मंदिर में पूजन के लिए आए। पूजा की व्यवस्था पं. गिरीश भट्ट ने करवाई। मंदिर प्रबंध समिति की एसओपी के अनुसार मंदिर में सुबह 6:30 बजे से शाम छह बजे तक दर्शन और सुबह सात से शाम साढ़े चार बजे तक पूजा के लिए समय नियत है। नियमानुसार शाम छह बजे मंदिर का मुख्य प्रवेश द्वार श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया जाता है।

इसकी जानकारी बार-बार देने के बाद भी 6:30 बजे तक सांसद कश्यप और उनके साथी मंदिर परिसर में जमे रहे। जब सांसद और उनके साथ आए मोहन राजपूत से मंदिर परिसर से बाहर जाने का अनुरोध किया तो मोहन ने बहस शुरू कर दी और साथ खड़े सांसद कश्यप गाली देने लगे। सांसद ने पुजारियों और स्थानीय जनता के लिए भी अपशब्दों का प्रयोग किया। सांसद और उनके साथियों के अभद्र व्यवहार से हर श्रद्धालु आहत है। कोटुली के राजस्व उप निरीक्षक गोपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि जांच कर तीनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जागेश्वर धाम में पुजारियों ने दिया धरना
शनिवार शाम को जागेश्वर धाम में आकर मंदिर समिति के पदाधिकारियों के साथ अभद्रता और गाली गलौज से नाराज पुजारी सांसद के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। पुजारियों ने इस दौरान धार्मिक अनुष्ठान भी नहीं कराए। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति नहीं हो इसके लिए भी कड़े कदम उठाए जाएं।

इस घटना से जागेश्वर धाम के पुजारी और जनता आक्रोशित है। पुजारियों ने सांसद कश्यप के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर रविवार को सायं तीन बजे से पांच बजे तक जागेश्वर मंदिर परिसर में धरना दिया। उन्होंने कहा कि समाज का कोई भी व्यक्ति जागेश्वर धाम में पूजा करने पहुंचे तो वह सामान्य और आम जन की तरह पूजा अनुष्ठान करे।

वीआईपी और वीपीआईपी व्यवस्था समाप्त की जानी चाहिए। उन्होंने मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति नहीं हो। धरने में पुजारी प्रतिनिधि पंडित भगवान भट्ट, पंडित कमल भट्ट, पंडित कैलाश भट्ट, पंडित गोपाल भट्ट, पंडित आनंद भट्ट, पंडित दीपक भट्ट, पंडित हरीश भट्ट, पंडित पूरन भट्ट आदि रहे।

भाजपा सांसद के खिलाफ सड़क पर उतरे विपक्षी दल
भाजपा सांसद धर्मेंद्र कश्यप के पुरोहितों का अपमान किए जाने से नाराज विपक्षी दल रविवार को सड़क पर उतरे। कांग्रेस के एक गुट ने राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजा तो दूसरे ने गोल्ज्यू दरबार पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। हीरानगर स्थित गोल्ज्यू मंदिर में पहुंचे कांग्रेसी नेताओं का कहना था कि  सांसद ने पुरोहितों और पुजारियों के साथ अभद्रता की। उनके साथ गालीगलौज कर अमर्यादित व्यवहार किया गया।

कांग्रेस पब्लिसिटी कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष सुमित हृदयेश ने कहा कि गोल्ज्यू भगवान उनकी प्रार्थना को जरूर सुनेंगे। ऐसे नेताओं को दंड देकर देवभूमि की जनता के साथ न्याय करेंगे। इस मौके पर पार्षद नीमा भट्ट, रवि जोशी, विनोद दानी, राजेंद्र जीना, मुकुल बल्यूटिया, मोना शर्मा, गोविंद बिष्ट, डॉ. मयंक भट्ट, त्रिलोक बलूनी, देवेंद्र तोलिया, देवेंद्र राणा आदि मौजूद रहे। उधर, कांग्रेस नेता ललित जोशी ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर सांसद को बर्खास्त करने की मांग की है। इधर, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता और कुमाऊं मीडिया प्रभारी दीपक बल्यूटिया ने कहा कि ऐसे नेताओं के खिलाफ न केवल मुकदमा दर्ज होना चाहिए बल्कि भविष्य में किसी भी धार्मिक स्थल जाने से पहले उन्हें चेतावनी भी दी जानी चाहिए।

उत्तराखंड क्रांति दल ने सांसद धर्मेंद्र कश्यप के खिलाफ बुद्ध पार्क में धरना-प्रदर्शन कर पुतला फूंका। उन्होंने कहा कि भाजपा सांसद तत्काल जागेश्वर धाम के पुजारियों से माफी मांगें अन्यथा उन्हें उत्तराखंड में घुसने नहीं दिया जाएगा। उक्रांद के पूर्व केंद्रीय महामंत्री सुशील उनियाल कहां कि भाजपा सांसद ने जागेश्वर में पुजारियों का अपमान किया है। उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। जिलाध्यक्ष दिनेश भट्ट ने कहा कि भाजपा सांसद ने पुजारियों के साथ अभद्रता कर वास्तविक चरित्र उजागर किया है।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments