केदारनाथ मंदिर के कपाट 22 अप्रैल को सुबह 8 बजे शुभ मुहूर्त में खोले जाएंगे। इसी के साथ विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो जाएगा। कपाट खुलने के इस पावन अवसर पर पुष्कर सिंह धामी भी धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना में शामिल होंगे।
इससे पहले बाबा केदार की डोली गौरीकुंड से केदारनाथ के लिए रवाना हो चुकी है। धाम में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। सड़कों की मरम्मत, यातायात व्यवस्था, पैदल मार्ग पर शौचालय, आवास, खान-पान और पेयजल जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। साथ ही पूरे मार्ग पर बिजली और सोलर लाइट की व्यवस्था की गई है तथा हर दो किलोमीटर पर स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए गए हैं। स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है।
श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक शौचालय और गर्म पानी की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हैं। कई श्रद्धालुओं ने व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे बेहतर बताया है।
मंदिर परिसर में मोबाइल फोन पर प्रतिबंध
मंदिर समिति के सदस्य विनीत पोस्ती के अनुसार, केदारनाथ मंदिर परिसर में मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। मंदिर के अंदर मोबाइल ले जाना, फोटो या वीडियो बनाना और रील्स रिकॉर्ड करना सख्त मना है। नियमों का उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

