बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि परंपरा के अनुसार बसंत पंचमी के पावन अवसर पर शुक्रवार 23 जनवरी को नरेंद्र नगर स्थित टिहरी राजदरबार में तय की जाएगी। इस संबंध में बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि कपाट खुलने की तिथि निर्धारण के साथ ही आगामी चारधाम यात्रा को लेकर सभी आवश्यक तैयारियों पर कार्य किया जा रहा है। जैसे ही कपाट खुलने की तिथियां तय होंगी, यात्रा से जुड़ी कार्ययोजनाओं को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।
बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने जानकारी दी कि 23 जनवरी को सुबह साढ़े दस बजे से नरेंद्र नगर स्थित टिहरी राजमहल में धार्मिक समारोह प्रारंभ होगा। इसी समारोह में इस यात्रा वर्ष के लिए बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि की घोषणा की जाएगी।
समारोह के दौरान परंपरा के अनुसार महाराजा मनुजयेंद्र शाह की जन्म कुंडली का अवलोकन किया जाएगा। इसके बाद राजपुरोहित आचार्य कृष्ण प्रसाद उनियाल पंचांग गणना कर शुभ मुहूर्त में श्री बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि का विनिश्चय करेंगे। साथ ही गाडू घड़ा तेल कलश यात्रा की तिथि भी तय की जाएगी।
कपाट खुलने की तिथि घोषित होने के साथ ही चारधाम यात्रा की तैयारियों को गति मिलेगी और देश-विदेश के श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल बनेगा।

