ऋषिकेश– नगर पालिका मुनि की रेती ढलवाला क्षेत्र में स्थित मधुबन आश्रम की ओर से रविवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य यात्रा निकाली गई। यह यात्रा आश्रम से प्रारंभ होकर कैलाश गेट, चंद्रभागा पुल, मुख्य बाजार और रेलवे रोड होते हुए स्थानीय गुरुद्वारे पर जाकर सम्पन्न हुई।
इस अवसर पर क्षेत्र का वातावरण “हरे राम-हरे कृष्ण” के मधुर भजनों और कीर्तन से गूंज उठा। सैकड़ों की संख्या में जुटे कृष्ण भक्तों ने श्रद्धा और उल्लास के साथ झूम-झूम कर नृत्य किया। यात्रा में शामिल श्रद्धालु न केवल स्थानीय थे, बल्कि विभिन्न प्रदेशों और राज्यों से आए राम और कृष्ण भक्तों ने भी इस पावन यात्रा में सहभागिता निभाई।
सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम
यात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए। भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रा को सुचारू रूप से सम्पन्न कराने के लिए पुलिस बल जगह-जगह तैनात रहा।
भगवान जगन्नाथ संग सुभद्रा और बलभद्र भी रहे शामिल
आश्रम के पराध्यक्ष परमानंद दास महाराज ने जानकारी दी कि यह मधुबन आश्रम की ओर से निकाली गई आठवीं जगन्नाथ यात्रा है। यात्रा में भगवान जगन्नाथ के साथ उनके भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा की प्रतिमाएं भी आकर्षक रथ पर विराजमान थीं, जिन्हें भक्तों ने खींचते हुए नगर भ्रमण कराया।

