Sunday, March 8, 2026
Homeअपराधबाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर ट्रांसपोर्टर से कार लूटी

बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर ट्रांसपोर्टर से कार लूटी

हरिद्वार। बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचे के बल पर एक ट्रांसपोर्टर से कार लूट ली। घटना बहादराबाद में रविवार देर शाम गंगनहर पटरी पर हुई। बदमाशों ने हवाई फायरिंग कर ट्रांसपोर्टर को काबू में कर लिया। इसके बाद बदमाश अपनी बाइक छोड़ कार लूटकर फरार हो गए। जिले भर में पुलिस ने चेकिंग कर बदमाशों की तलाश की। बाइक के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक ज्वालापुर सुभाषनगर कॉलोनी निवासी जसपाल का ट्रांसपोर्ट का कारोबार है। रविवार देर शाम जसपाल को बहादराबाद से कनखल के जगजीतपुर जाना था। कार से कनखल जाने के दौरान उन्होंने नहर पटरी पर कार रोकी और हैंडपंप पर मुंह हाथ धोने लगे। उसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने तमंचे की नोक पर जसपाल को काबू में कर लिया। आतंकित करने के लिए बदमाशों ने हवाई फायिरंग की और कार की चाबी छीन ली।

इसके बाद बदमाश कार लूटकर फरार हो गए। बदमाश अपनी बिना नंबर की बाइक भी मौके पर ही छोड़ गए। लूट की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। एसओ बहादराबाद गोविंद कुमार मौके पर पहुंचे और कार नंबर और बदमाशों का हुलिया पताकर आला अधिकारियों को सूचना देते हुए चेकिंग में जुट गए। वायरलैस पर लूट की सूचना प्रसारित होने पर जिले भर में बदमाशों की तलाश में चेकिंग शुरू कर दी गई।

एसएसपी सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस ने घटनास्थल का मुआयना करने के बाद बदमाशों की धरपकड़ के निर्देश दिए। पुलिस ने देर रात ट्रांसपोर्टर जसपाल की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। एसएसपी ने बताया कि बदमाशों की तलाश की जा रही है। मौके पर छोड़ी गई उनकी बाइक के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments