हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को हरिद्वार पहुंचे, जहां उन्होंने दक्षेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव का विधि-विधान से रुद्राभिषेक कर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में साधु-संतों से संवाद किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि देवाधिदेव महादेव की नगरी हरिद्वार में आकर विशेष आध्यात्मिक ऊर्जा की अनुभूति होती है, जो जनकल्याण के कार्यों के लिए प्रेरणा देती है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वर्ष 2027 में प्रस्तावित कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर भी साधु-संतों से विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला न केवल आस्था का महापर्व है, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान का प्रतीक भी है, जिसकी भव्य और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए सरकार अभी से योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री के दौरे से मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और संत समाज में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

