हरिद्वार के प्रमुख तीर्थस्थल हरकी पैड़ी पर धार्मिक मर्यादा बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए गए हैं। घाट क्षेत्र में जगह-जगह बोर्ड लगाकर स्पष्ट किया गया है कि अहिंदुओं का प्रवेश निषेध है। साथ ही हरकी पैड़ी और मालवीय द्वीप क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
इसके अलावा किसी भी प्रकार के फिल्मी गानों पर वीडियो या रील बनाने को भी वर्जित कर दिया गया है। श्रीगंगा सभा ने चेतावनी दी है कि यदि कोई व्यक्ति इस तरह की सामग्री बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दरअसल, कुछ दिन पहले हरकी पैड़ी क्षेत्र में बनाया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें दो युवक अरबी वेशभूषा में घाटों पर घूमते नजर आए। वायरल वीडियो में दोनों युवक खुद को दुबई का निवासी बताते हुए हरकी पैड़ी क्षेत्र में भ्रमण करते दिख रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद तीर्थ पुरोहितों ने कड़ी आपत्ति जताई और इसे हरिद्वार की धार्मिक मर्यादा से जुड़ा मामला बताया।
तीर्थ पुरोहितों का कहना है कि इस तरह के वीडियो से धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं और शहर का माहौल खराब हो सकता है। मामला तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने भी संज्ञान लिया और जांच शुरू कर दी। श्रीगंगा सभा के महामंत्री तन्मय वशिष्ठ ने बताया कि वीडियो की जानकारी पुलिस प्रशासन को दे दी गई है। उनका कहना है कि कुछ लोग जानबूझकर इस तरह की गतिविधियों के जरिए माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं, सभा के सचिव उज्जवल पंडित ने भी पूरे प्रकरण की सूचना चौकी पुलिस को देने की पुष्टि की है।
इस संबंध में शहर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उल्लेखनीय है कि इन दिनों श्रीगंगा सभा की ओर से हरिद्वार के घाटों और प्रमुख धार्मिक स्थलों की व्यवस्था और मर्यादा को लेकर मंथन चल रहा है, ताकि तीर्थस्थलों की पवित्रता और धार्मिक गरिमा बनाए रखी जा सके।

