हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी फ्लाईओवर पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक चलती मोटरसाइकिल अचानक आग की लपटों में घिर गई। बाइक में आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन समय पर पहुंची पुलिस टीम की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के दौरान गुरुकुल कट पर ड्यूटी में तैनात एडिशनल टीएसआई दीवान सिंह तोमर और कॉन्स्टेबल टीपी शेर सिंह ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत कार्रवाई की। दोनों पुलिसकर्मी बिना समय गंवाए घटनास्थल पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए।
स्थानीय ट्रक चालकों से मदद लेते हुए, पुलिस ने एक ट्रक चालक द्वारा उपलब्ध कराए गए अग्निशामक यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) की मदद से कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया। इस त्वरित कार्रवाई से किसी भी प्रकार की जनहानि या बड़ा नुकसान होने से बचा लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिसकर्मियों की बहादुरी और तत्परता की सराहना की। घटना की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

