हरिद्वार/पिरान कलियर। कस्बे की बेटी फैरुज फातिमा ने सिविल सेवा परीक्षा में 708वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार और नगर में खुशी की लहर दौड़ गई। परिणाम घोषित होते ही परिवारजन, रिश्तेदार और स्थानीय लोग उन्हें बधाई देने उनके घर पहुंचने लगे।
फैरुज फातिमा पिरान कलियर निवासी ट्रक चालक इकबाल त्यागी की बेटी हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा से लेकर इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई यूपी बोर्ड से पूरी की। इसके बाद सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए वह दिल्ली चली गईं। शुरुआती प्रयास में सफलता नहीं मिलने के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार मेहनत जारी रखी।
वर्ष 2024 में उन्होंने आरबीआई में सहायक प्रबंधक पद के लिए आवेदन किया था, जिसमें उनका चयन हो गया। वर्तमान में वह आरबीआई में सहायक महाप्रबंधक पद पर कार्यरत हैं। नौकरी के साथ-साथ उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी जारी रखी और शुक्रवार को घोषित परिणाम में 708वीं रैंक हासिल कर ली।
उनकी सफलता पर नगर पंचायत पिरान कलियर की चेयरमैन समीना, सभासद नाजिम त्यागी, राशिद अली, अमजद मलिक, जावेद साबरी, डॉ. शहजाद, गुलफाम साबरी, दानिश साबरी, अकरम प्रधान, शफक्कत चेयरमैन, सलीम प्रधान और इसरार शरीफ सहित कई लोगों ने उन्हें बधाई दी।
सीमित संसाधनों के बावजूद नहीं आने दी पढ़ाई में कमी
फैरुज फातिमा की मां गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उनके माता-पिता ने बेटी की पढ़ाई में कभी कमी नहीं आने दी। इकबाल त्यागी कलियर में किराए के मकान में रहते हैं। कुछ वर्ष पहले सड़क दुर्घटना में उनके बेटे की मौत हो गई थी, लेकिन उन्होंने अपनी इकलौती बेटी को ही बेटा मानकर उसके सपनों को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास किया। फैरुज फातिमा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को दिया।

