हरिद्वार। हरिद्वार जनपद के बहादराबाद टोल प्लाजा पर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के बैनर तले किसानों का धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। किसानों ने स्मार्ट मीटर, गन्ना मूल्य वृद्धि, पुलिस लाठीचार्ज जैसी प्रमुख मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आंदोलनरत किसानों का कहना है कि अब यह लड़ाई आर-पार की होगी।
धरने में शामिल यूनियन कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बृहस्पतिवार को बहादराबाद पुलिस ने शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे किसानों पर लाठीचार्ज किया। उन्होंने मांग की कि इस घटना के जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों और सिपाहियों को तत्काल निलंबित किया जाए। हालांकि अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे किसानों में भारी आक्रोश है।
किसान नेताओं ने सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि बार-बार निवेदन और प्रदर्शन के बावजूद उनकी मांगों को अनसुना किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।
भाकियू (टिकैत) के जिला अध्यक्ष विजय शास्त्री ने बताया कि 28 अगस्त को बहादराबाद टोल प्लाजा पर महापंचायत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में किसान जुटेंगे। उन्होंने कहा कि महापंचायत के बाद किसान देहरादून की ओर कूच करेंगे और सरकार के खिलाफ अपना विरोध और तेज करेंगे।
किसान नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन अब सिर्फ हरिद्वार या बहादराबाद तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे उत्तराखंड में फैलाया जाएगा और तब तक जारी रहेगा जब तक सरकार किसानों की मांगों पर गंभीरता से कार्यवाही नहीं करती।

